गुजरात से आई ट्रेन से उतरते प्रवासी मजदूर।
- फोटो : CITY OFFICE
कोरोना महामारी के चलते देशव्यापी लॉकडाउन में गुजरात में फंसे उत्तर प्रदेश के श्रमिकों को लेकर गुजरात से आनंदा स्टेशन से चली एक ट्रेन बृहस्पतिवार सुबह 9:20 बजे अलीगढ़ जंक्शन पहुंची। यहां आगरा और अलीगढ़ मंडल के 908 श्रमिकों, 112 बच्चों को ट्रेन से उतारने के बाद गाड़ी को बरेली के लिए रवाना कर दिया गया। इसके बाद सभी श्रमिकों को थर्मल स्क्त्रस्ीनिंग कराने के बाद जिला प्रशासन ने खान-पान के इंतजाम के साथ उनके संबंधित जिलों के लिए रोडवेज की 25 बसों में बैठाकर रवाना किया। इधर, गुजरात के बड़ौदा से आने वाली दूसरी ट्रेन रद्द रही।
एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल के मुताबिक अलीगढ़ जंक्शन पर ट्रेन से उतारे गए श्रमिकों में 112 अलीगढ़ जिले के शामिल रहे। इसके अलावा अन्य श्रमिक हाथरस, एटा, मैनपुरी, मथुरा, कासगंज फिरोजाबाद के शामिल रहे। इन सभी को 25 रोडवेज बसों के जरिये भेजा गया। भेजने से पहले सभी की थर्मल स्क्त्रस्ीनिंग कराई गई। खाने-पानी की व्यवस्था के साथ सभी को सोशल डिस्टेंसिंग के तहत बसों में बैठाया गया। अलीगढ़ के 112 श्रमिकों को आईटीएम कॉलेज में बनाए क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया है। वहां उन सभी की सैंपलिंग होगी। इसके बाद उनको घरों के लिए भेजा जाएगा। अगर, किसी में कोरोना वायरस के प्राइमरी लक्षण मिलते हैं या कोई संदिग्ध लगता है तो उसे एल-1 अस्पताल में शिफ्ट करने की व्यवस्था की गई है।
लॉक डाउन के चलते हरियाणा में फंसे प्रदेश के विभिन्न जिलों के 3500 के करीब प्रवासी श्रमिक बृहस्पतिवार को अलीगढ़ पहुंचे। इनको हरियाणा रोडवेज की 100 बसों के जरिये लाया गया। इनमें से अलीगढ़ के श्रमिकों को छोड़ अन्य को उनके जिलों तक भेजने के लिए जिला प्रशासन ने यूपी रोडवेज की बसों का इंतजाम किया। देर रात 10 बजे तक 100 बसें अलीगढ़ पहुंची। इनमें करीब 3500 श्रमिक आए।
अलीगढ़ परिक्षेत्र के एआरएम लोकेश राजपूत के मुताबिक गोमती गार्डन में जिला प्रशासन की ओर से रिसेप्शन सेंटर बनाया गया है। हरियाणा आने वाली सभी बसों को यहीं रोका गया। यहां आने के बाद श्रमिकों का खाने-पानी का इंतजाम किया गया। इसके बाद सभी की थर्मल स्क्त्रस्ीनिंग कराकर रोडवेज बसों के जरिये उनके संबंधित जिलों के लिए भेजा गया। बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल तक के श्रमिक इसमें शामिल रहे।