पाक माह रमजान के आखिरी अशरे में शुक्रवार यानी आज होने वाली जुमा और 25 मई को संभावित ईद की नमाज को लेकर जिला प्रशासन ने मुुस्लिम समुदाय से घरों में ही रहकर नमाज अदा करने की अपील की है। सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराने के लिए यह निर्णय लिया गया है। डीएम ने अपीलनुमा आदेश को मुस्लिम समुदाय तक पहुंचाने और पालन कराने की जिम्मेदारी शहर मुफ्ती को सौंपी है। साथ ही एसएसपी ने सभी थानों के प्रभारियों को पीस कमेटी की बैठक करने का आदेश दिया है।
शासन के आदेश पर डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बृहस्पतिवार दोपहर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर इस निर्णय पर मुहर लगाई। जिलाधिकारी ने बताया कि शहर के तीन थाना क्षेत्रों (सासनी गेट, देहली गेट, कोतवाली थाने) में पहले से कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शत-प्रतिशत लॉक डाउन घोषित है। इसके तहत लोगों का घरों से बाहर निकलना उनकी जान की सुरक्षा को देखते हुए प्रतिबंधित किया हुआ है। इसी प्रकार जिले में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कराया गया है। लॉक डाउन 4.0 में शासन ने सभी धार्मिक स्थलों को बंद रखने का आदेश दिया है। ऐसे में रमजान में अलविदा जुमे की नमाज और ईद की नमाज को घरों में ही रहकर पढ़ने का आदेश मुस्लिम समुदाय को दिया गया है। हर हाल में इस आदेश का पालन करना अनिवार्य होगा। हाथ मिलाकर या गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देने को लेकर भी लोगों से अपील है कि वह इस बार फोन पर या सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपनों को ईद की मुबारकबाद दें।
शहर मुफ्ती को इस बात की जिम्मेदारी दी गई है कि वह मुस्लिम समुदाय तक इस संदेश को पहुंचाएं और पालन कराना सुनिश्चित करें। इधर, एसएसपी मुनिराज जी ने बताया कि जनपद के सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया है कि वह अपने-अपने इलाके के लोगों को थाने पर बुलाकर उनके साथ बैठक कर घरों में ही ईद और अलविदा जुमे की नमाज पढ़ने के आदेश का पालन कराएं।