उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ स्थित मलखान सिंह जिला अस्पताल के सात नंबर वॉर्ड से सोमवार को गायब हुए मरीज का शव मंगलवार को रेलवे जंक्शन के ओवरब्रिज पर मिलने से सनसनी मच गई। जीआरपी द्वारा सोशल मीडिया पर मृतक का फोटो वायरल करने पर उसकी शिनाख्त हुई। मृतक की पहचान शक्ति नगर के रहने वाले कुलदीप के रूप में की गई है।
परिवार वालों ने उनके गायब होने के पीछे अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि रविवार को तबियत खराब होने पर परिवार वालों ने उन्हें जिला अस्पताल के वार्ड नंबर सात में भर्ती कराया था। सोमवार की सुबह पत्नी मीना अग्रवाल बेटे को साथ लेकर घर से कपड़े और खाना लेने के लिए चली गई।
इसी दौरान मरीज कुलदीप अस्पताल से गायब हो गया। पत्नी के वापस लौटने पर कुलदीप का कोई सुराग नहीं मिला। वॉर्ड स्टाफ ने भी मामले की जानकारी होने से इंकार कर दिया। वहीं मंगलवार सुबह जीआरपी को ओवरब्रिज पर एक शव पड़ा मिला। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर मृतक की फोटो वायरल कर दी। इस फोटो को मृतक के भतीजे ने देख लिया।
उसकी सूचना पर मृतक की पत्नी मीना अग्रवाल सहित अन्य परिवार वालों ने पुलिस से संपर्क किया और थाने पहुंचे। जीआरपी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल परिवारजन सिर्फ जिला अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।