अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत कस्बे के मुख्य चौराहे से 150 मीटर तक नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। प्रशासन ने दुकानदारों को 12 अगस्त तक अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देते हुए सहयोग की अपील की है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष जायसवाल ने कोतवाली सभाकक्ष में व्यापारियों, दुकानदारों, टेंपो संचालकों और रेहड़ी-ढकेल संचालकों के साथ बैठक कर कस्बे को अतिक्रमण मुक्त बनाने की योजना पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि मुख्य चौराहे से 150 मीटर तक नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। दुकानदारों को 12 अगस्त तक स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा कार्रवाई होगी। सीओ कमलेश कुमार ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में व्यापारियों ने बिजली के पोल शिफ्ट कराने की मांग भी उठाई। ईओ बृजेंद्र सिंह ने बताया कि बस स्टैंड परिसर और कोतवाली के सामने वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।