गांव मनैना और नगला हिमाचल में मंगलवार की रात लूट और चोरी की दो घटनाएं हुईं। मनैना में बदमाश एक घेर से नकदी सहित वहां मौजूद व्यक्ति के हाथ से सोने की अंगूठी उतारकर ले गए, जबकि नगला हिमाचल से सोलर प्लेट, दो बैटरी और इन्वर्टर चोरी हुए। दोनों पीड़ितों ने गंगीरी थाने में तहरीर दी है।
गांव मनैना निवासी योगेंद्र सिंह ने दी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार की रात घेर में सोए थे। रात करीब 11:30 बजे पीछे की दीवार फांदकर घुसे बदमाशों ने सोते में दबोच लिया और पिटाई की। उनकी लुंगी को मुंह में ठूंस दिया। हाथ में पहनी सोने की अंगूठी सहित कमरे की अलमारी में रखे 70 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद उन्हें घेर के पीछे आम के बाग में छोड़कर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद वह घेर में लौटे और बेटे को बुलाकर थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए छर्रा के सरकारी अस्पताल भेजा।
वहीं गांव नगला हिमाचल निवासी डॉ. गुलाब सिंह ने दी तहरीर में बताया कि कासगंज रोड पर उनकी मार्केट है, जिसमें नीचे की सभी दुकाने किराये पर दे रखी हैं। दूसरी मंजिल पर कमरा है। मंगलवार की रात चोर दीवार काटने के साथ सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त कर दो बैटरी, इन्वर्टर, सौर ऊर्जा की दो प्लेट और बर्तन चुराकर ले गए। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों गांवों की घटनाओं में जांच की जा रही है।