अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के सराेजनी नायडू (एसएन) हॉल और बीबी फातिमा हॉल के पास रविवार को प्रॉक्टोरियल टीम ने एक मनचले को पकड़ लिया। वह पिछले डेढ़ महीने से हॉल में आने-जाने वाली छात्राओं पर फब्तियां कसता था और उनका पीछा करता था। आरोपी अब्दुल्ला फजलू के खिलाफ थाना सिविल लाइंस में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
दोनों हॉल के पास आवाजाही कम रहती है। वहां पर स्कूटी खड़ी करके छात्राओं से वह अभद्रता भी करता था। उसे देखकर छात्राएं रास्ता बदल लेती थीं। इसकी शिकायत छात्राओं ने हॉल प्रोवोस्ट से की। इसके बाद उन्होंने प्रॉक्टर से शिकायत की। प्रॉक्टर ने उसे पकड़ने के लिए प्रॉक्टोरियल टीम को लगाया। रविवार की शाम पांच बजे उसे पकड़ लिया गया। प्रॉक्टोरियल टीम ने उसे पुलिस को सौंप दिया।
प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने कहा कि आरोपी की वजह से छात्राएं भयभीत हो गई थीं। सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि प्रॉक्टोरियल टीम ने एक शोहदे को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। उसकी पहचान पुरानी चुंगी के अब्दुल्ला फजलू के रूप में की गई है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।