सोमवार की शाम करीब पांच बजे गांव जवार में ताश खेलने को लेकर दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद दो समुदायों के लोगों के बीच झगड़े में बदल गया। दोनों ओर से मारपीट के साथ ईंट-पत्थर चले, इसमें सात लोग घायल हुए हैं। मामले में पुलिस ने करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ गांव में पुलिस पिकेट लगाई गई है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार गांव जवार निवासी गुड्डू नाई सोमवार की शाम करीब पांच बजे अपने घर के पीछे खाली प्लाट में ताश खेल रहा था। इस दौरान गुल्लू खां वहां पहुंचा और ताश खेलने के लिए गुड्डू से कहा। उसने मना किया, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। गुल्लू खां ने अपने साथियों को बुला लिया। सभी मिलकर गुड्डू को पीटने लगे। बीच-बचाव की कोशिश करने वालों को भी पीटा।
इसके कुछ देर में ही दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। ईंट-पत्थर भी चले। इसमें एक पक्ष के आकाश कुशवाह, हरिनारायण कुशवाह, सोनू, खुशहाली और दूसरे पक्ष के भूरा, इरफान व शरीफ घायल हुए हैं।
सीओ महेश कुमार ने बताया कि गांव जवार में ताश खेलने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। गांव में पुलिस पिकेट तैनात की गई है। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया है। तहरीर मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है।