गोरई क्षेत्र के गांव कलींजरीं में रविवार की रात मथुरा से आई बरात चढ़त के दौरान ग्रामीणों और बरातियों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई, जिसमें तीन बराती घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस ने दो लोगों को शांतिभंग में पाबंद किया है।
गांव कलींजरी निवासी राजेंद्र सिंह की बेटी की संजना की बरात रविवार को शाम मथुरा के थाना नौंहझील के गांव मानगढ़ी से आई थी। देर रात्रि दूल्हा योगेंद्र पुत्र पप्पू की बरात चढ़त के दौरान बरातियों और गांव के कुछ लोगों में बरात में नाचने को लेकर कहासुनी होने के साथ दोनों पक्षों के मध्य मारपीट हो गई, जिससे बरात में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में बराती पक्ष के रोहताश, पंकज और रोहित घायल हो गए, घायलों में एक दूल्हे का भाई और मामा हैं। बरात में मारपीट की सूचना पर सीओ महेश कुमार, थाना गोरई प्रभारी चरन सिंह मौके पर पहुंच गए थे, पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। पुलिस ने दीपक और विजय नामक युवकों मौके से पकड़कर उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। वहीं गांव के लोगों का आरोप है कि बरातियों ने उनके साथ अभद्रता की है।
पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश थाना प्रभारी को दे दिए गए हैं। तदुपरांत जांच करके कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।- महेश कुमार सीओ इगलास