अलीगढ़। रक्षाबंधन के दौरान शहर में अमन चैन बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। मंदिरों के आसपास सफाई से लेकर सुरक्षा के इंतजाम किए हैं तो छेड़छाड़, चेन स्नेचिंग समेत अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डे एवं मुख्य बाजारों में पुलिस के साथ मजिस्ट्रेट ड्यूटी लगाई गई है। विद्युत विभाग को कटौती न करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम को फॉगिंंग के साथ स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने के निर्देश दिए गए है। कंट्रोल रूम स्थापित कर जनता की शिकायतें दूर करने की ताकीद के साथ पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने को भी कहा गया है। विद्युत फाल्टों से निपटने को कोतवाली में बने कंट्रोल रूम में एक विद्युत कर्मी की ड्यूटी सुनिश्चित करने को कहा गया है। ताकि आकस्मिक परिस्थिति में उसका प्रयोग हो सके। खाद्य विभाग को मिलावटी खाद्य वस्तुओं पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। एडीएम सिटी अवधेश तिवारी ने बताया कि रक्षाबंधन पर बिजली, पेयजल एवं सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
-
शोहदों व स्नेचरों पर कड़ी नजर
अलीगढ़। रक्षाबंधन पर शोहदे, चेन स्नेचरों के साथ अन्य छोटे मोटे अपराध करने वाले विशेष निशाने पर रहेंगे। इसके लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं मुख्य बाजारों में सादा वर्दी में पुरुष एवं महिलाकर्मी तैनात रहेंगी तो मजिस्ट्रेटों को पुलिस के आला अधिकारियों के साथ भ्रमणशील रहने को कहा गया है।