अलीगढ़। धनीपुर इलाके से पांच दिन पहले किशोरी को बेहोश कर अगुवा कर ले जाने के आरोपी को पुलिस ने हिरासत में तो लिया लेकिन जेल न भेजकर थाने से ही छोड़ दिया। अब सांसद के हस्तक्षेप के बाद पुलिस सक्रिय हुई है।
धनीपुर क्षेत्र की कक्षा 9 की छात्रा को मोहल्ले के एक युवक ने छेड़ दिया। छात्रा के परिजनों ने युवक के परिवार में शिकायत की और मामला डांट डपट के बाद खत्म हो गया। लेकिन युवक शांत नहीं बैठा। पांच दिन पहले आरोपी युवक ने अपने साथियों की मदद से छात्रा का स्कूल जाते समय रुमाल सुंघा कर बेहोश कर अपहरण कर लिया। पनैठी से अलहदादपुर को जाने वाले रोड पर एक दुकान से कोल्डड्रिंक खरीदने को युवकों ने गाड़ी रोकी तो किशोरी को नशे की हालत में गाड़ी रुकने का अहसास हो गया। बस वहीं वह गाड़ी से कूदकर चीखती हुई गिर पड़ी। दुकान पर मौजूद व आसपास खेतों में काम कर रहे लोग माजरा समझ गए। तभी अपहरणकर्ता कार में सवार होकर भाग गए। होश आने पर किशोरी ने पूरी घटना बताई। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दे दी। परिवार का आरोप है कि सोमवार को आरोपी को छोड़ दिया गया। सांसद सतीश गौतम ने हस्तक्षेप किया तो पुलिस फिर से तहरीर मांगते हुए मुकदमा दर्ज करने को राजी हुई है।
परिवार सरासर झूठ बोल रहा है। हमें तहरीर नहीं दी गई तो मजबूरी में मुकदमा भी नहीं लिखा और आरोपी को कब तक हिरासत में रखते। धनीपुर प्रधान की लिखित सुपुर्दगी में आरोपी को यह कहकर दिया गया है, जब भी पुलिस बुलाएगी वह थाने आएगा
- थाना प्रभारी गांधीपार्क