अलीगढ़। मालभाड़ा और रेल किराए में बढ़ोत्तरी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों के साथ पुलिस की बदसलूकी का प्रकरण गरमाता जा रहा है। रविवार को रेलवे रोड की कोयले वाली गली स्थित आनंद होटल में दर्जनों व्यापारियों ने पुलिसिया दबंगई की कड़े शब्दों में निंदा की। तय हुआ कि नवागत एसएसपी से मिलकर उनसे देहलीगेट एसओ के निलंबन की मांग की जाएगी। निलंबन नहीं होने की सूरत में कम से कम स्थानांतरण कराया जाएगा। अगर यह भी नहीं हुआ व्यापारी दूसरी मीटिंग कर आगे की रणनीति तय करेंगे। अलीगढ़ औद्योगिक व्यापार मंडल के अध्यक्ष सौरभ सिक्संस ने कहा है कि रविवार को एसएसपी से मिलने का वक्त मांगा गया था लेकिन आईजी आगरा जोन की मीटिंग में जाने के कारण डीआईजी और एसएसपी दोनो व्यस्त थे। इसलिए मुलाकात नहीं हो सकी है।
दरअसल, स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस थाने ले जाने, बैठाने, रिवाल्वर छीन लेने और बदसलूकी करने को व्यापारियों ने प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। अंदरखाने अलीगढ़ बंद की भी योजना चल रही है अगर स्थानीय जिला और पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों की मांगे नहीं मानी तो सभी संगठन व्यापारियों की एकता की ताकत दिखाने के लिए बंद करा सकते हैं। वरिष्ठ व्यापारी नेता ज्ञानचंद्र वार्ष्णेय, मास्टर ओमप्रकाश ने भी इस घटना की निंदा की है। आनंद होटल की बैठक में चेतन पांडेय, पंकज वार्ष्णेय, जयगोपाल वीआईपी, अनुराग गुप्ता सहित दूसरे संगठनों के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
:::::::::::::::::::::