अतरौली (ब्यूरो)। कस्बे के बीचों बीच बड़ा बाजार स्थित एक स्वर्णकार से बदमाश करीब 12 लाख रुपये से अधिक के जेवर लूट ले गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से कस्बे में अफरा तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे सीओ ने घटना की जानकारी ली। पुलिस के खिलाफ व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
मोहल्ला सराय भटियारान निवासी सुशील कुमार वर्मा पुत्र रतनलाल वर्मा की राहुल ज्वैलर्स के नाम से सोने चांदी के आभूषणों की दुकान है। रविवार दोपहर वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दो युवक वहां आए और उनसे अंगूठी दिखाने को कहा। सुशील ने अंगूठी की पोटली उनके सामने रख दी। इतने में युवक अपने असली रूप में आ गए और सुशील को धक्का देकर पोटली उठाकर भाग गए। सुशील ने शोर मचाया अन्य दुकानदार कुछ समझ पाते इससे पहले दोनों बदमाश फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ एके पांडे मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली। व्यापारियों का आरोप है कि कस्बे में आए दिन लूट हो रहीं हैं। पुलिस न जाने क्या कर रही है। पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर व्यापारियों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। सुशील ने बताया कि पोटली में 400 ग्राम से अधिक की सोने की अंगूठी थीं। इनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये है। इससे पहले वह बदमाश उमेश ज्वैलर्स की दुकान पर भी खरीददारी करने पहुंचे थे। लेकिन वहां भीड़ होने के कारण घटना नहीं कर सके। इस मामले में सीओ से बात करने का प्रयास किया मगर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। कोतवाल रामदरश यादव ने बताया कि मामला ठगी का है। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।