अलीगढ़। महानगर के समद रोड पर शनिवार देर रात डांस टीचर को चाकू मारने की घटना को इलाके के कुछ दबंगों ने अंजाम दिया था। इस घटना के बाद इन दबंगों ने इसी इलाके में एक बीयर शॉप पर जाकर उत्पात मचाते हुए सेल्समैन को पीटा और उससे नगदी तक छीन ली। साथ ही दुकान स्वामी को लेकर धमकी दी कि अगर भविष्य में दुकान खुली तो आग लगा देंगे। इस मामले में दो सगे भाइयों के खिलाफ दो-दो मुकदमे क्वारसी में दर्ज करा दिए गए हैं।
एक मुकदमा दुर्गाबाड़ी निवासी डांस टीचर दीपक राजपूत की ओर से दर्ज कराया गया है, जिसका क्वारसी के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। इसे महज इस बात पर पहले पीटा गया था कि उसकी बाइक टकरा गई। इसके बाद उसके चाकू मार दिया गया। इस घटना के बाद इन दबंगों ने समद रोड पर ही एक शराब की दुकान पर पहुंचकर पहले हंगामा शुरू किया और दुकान बंद करने की धमकी देने लगे। जब सेल्समैन ने ऐतराज जताया तो सेल्समैन को पीटा और उससे पांच हजार रुपये छीनकर ले गए। साथ ही यह धमकी दी कि अब दुकान खोली तो आग लगा देंगे। साथ ही दुकान स्वामी को लेकर भी जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में भी दुकान स्वामी अनिल चौधरी व सेल्समैन की ओर से मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। एसओ क्वारसी के अनुसार समद रोड निवासी सगे भाई बिन्नी व बॉबी के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं।