अलीगढ़ (ब्यूरो)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रविवार शाम को रेलवे अफसर को जेबकट पकड़ना भारी पड़ गया। जेबकट के साथियों ने अफसर के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पब्लिक ने जेबकट को जमकर पीटा और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने इस घटना की रिपोर्ट दर्ज करते हुए रेलवे अफसर का डॉक्टरी परीक्षण कराया है।
मुख्य बुकिंग सुपरवाइजर (सीबीएस) बीबी. गौतम ने बताया कि वह सरकारी काम से मालगोदाम साइड स्थित टिकट बुकिंग काउंटर से रेलवे स्टेशन की ओर लौट रहा था तभी कुछ लोग एक व्यक्ति के पीछे शोर मचाते हुए दौड़ रहे थे। उन्होंने जेबकट को प्लेटफार्म पर स्थित पुराने पुल के पास दबोच लिया। इस दौरान जेबकट ने अपनी जेब से पर्स निकलकर रेलवे लाइन की तरह फेंक दिया। मुख्य बुकिंग सुपरवाइजर का आरोप है कि इस बीच जेबकट के तीन सहयोगी और आ गए, उन्होंने अपने साथी को छुड़ाने के लिए उनके साथ मारपीट कर दी, लेकिन उन्होंने जेबकट को छोड़ा नहीं। पब्लिक को देखकर जेबकट के साथी मौके से फरार हो गए। जेबकट को पब्लिक ने दबोच लिया और जमकर पीटा। मौके पर पहुंचे जीआरपी के जवानाें के सुपुर्द पब्लिक ने जेबकट कर दिया। सीबीएस. बीबी. गौतम ने बताया कि इस घटना के संबंध में उन्हाेंने थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।