अतरौली। कोतवाली के गांव काजिमाबाद में बेखौफ हो चुके बदमाशों ने एक पखवाड़े में चौथी लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस बार बदमाशों ने रिटायर्ड राजस्व कर्मी के घर में डाका डाला। बदमाश इनके परिजनों को बंधक बनाकर हजारों का माल लूट ले गए। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दे दी है। कई बार ग्रामीणों की बदमाशों से भिड़ंत भी हो चुकी है। इससे गांव में दहशत है। दूसरी ओर रविवार देर रात यहां के अमर सिंह के घर में बदमाश घुस गए। इतने में अमर की बेटी ने शोर मचा दिया तो बदमाश भाग गए। ग्रामीण ने फायरिंग भी कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी बदमाशाें को तलाशा, लेकिन वो नहीं मिले।
गांव काजिमाबाद निवासी बनवारीलाल राजस्व विभाग में तैनात थे। रिटायर होने के बाद अब वह परिजनों के साथ गांव में ही रहकर खेती बाड़ी करते हैं। शनिवार रात वह परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान करीब एक दर्जन बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने परिजनों को एक कमरे में बंद कर दिया और तमंचे के बल पर धमका कर अलमारी की चाभी ले ली। बनवारी लाल ने बताया कि बदमाश अलमारी में रखे 46 हजार रुपये, करीब 50 हजार के जेवर और कपड़े आदि निकाल कर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद परिजनों ने शोर मचा दिया। इससे गांव में जगार हो गई। ग्रामीणों ने बदमाशों पर फायरिंग कर दी। इससे गांव में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि एक पखवाड़े से आए दिन बदमाश गांव में आ रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भारी भय पनप रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने तीन घरों में पड़ी डकैती का भी खुलासा नहीं किया है। पुलिस की सुस्ती के चलते बदमाशों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।