अलीगढ़। आखिरकार तापीय परियोजना हरदुआगंज की पुरानी यूनिट नंबर पांच ने सोमवार को दोपहर 1.19 बजे से बिजली उत्पादन शुरू कर दिया। इस यूनिट के चालू होने से परियोजना के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। परियोजना की क्षमता 60 मेगावाट बिजली उत्पादन की है, लेकिन पुरानी होने के कारण 50 मेगावाट तक बिजली उत्पादन करेगी। इस तरह से ग्रिड को 50 मेगावाट बिजली और मिलना शुरू हो गई।
तापीय परियोजना हरदुआगंज की यूनिट नंबर पांच बहुत पुरानी है। यूनिट के लिए रेलवे ट्रैक से कोयले की आपूर्ति होती थी। रेलवे ट्रैक अत्यधिक पुराना होने के कारण रेलवे ने उस ट्रैक पर कोयला भेजने से इनकार कर दिया। इस पर परियोजना अधिकारियों ने नया रेलवे ट्रैक डलवाने के लिए यूनिट नंबर पांच को बंद कर दिया। काफी समय से रेलवे की नई लाइन पड़ रही थी, उधर यूनिट की भी मेेंटेनेंस हो रही थी। दोनों काम पूरे होने के साथ ही यूनिट नंबर पांच सोमवार को दोपहर 1.19 बजे चालू हो गई और बिजली उत्पादन शुरू कर दिया है। इसके अलावा परियोजना की नई यूनिट नंबर आठ में 250 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है। यूनिट नंबर नौ का हॉपर बर्स्ट होने के बाद उसमें काम चल रहा है और यूनिट स्थापित करने वाली एजेंसी बीएचईएल के विशेषज्ञों की टीम डेरा डाले हैं।