न्यूज डेस्क, अमर उजाला,अलीगढ़।
संजय लीला भंसाली की चर्चित फिल्म पद्मावत इसी 25 जनवरी गुरुवार को पूरे देश में एक साथ रिलीज हो रही है। इस फिल्म को कुछ जगहों पर नहीं दिखाने का फैसला किया गया है, जो स्थानीय स्तर पर लिया गया है।
ऐसे में अलीगढ़ में भी इसको लेकर बहस जारी है कि फिल्म यहां के सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी या नहीं..? सही मायने में अब तक यहां के सिनेमा संचालक भ्रम की स्थिति में हैं। सिनेमा संचालकों का कहना है कि मंगलवार तक स्थिति स्पष्ट होगी।
जब डिस्ट्रीब्यूटर इस मामले में फैसला करेंगे, लेकिन गुरुवार और शुक्रवार के बीच ये इकलौती बड़ी फिल्म है जो रिलीज हो रही है इसलिए इसको दिखाए जाने की संभावना बनती जा रही है।
स्टार वर्ल्ड सिनेमा के अनिल शुक्ला ने बताया कि मंगलवार तक इस संबंध में सब कुछ तय हो जाएगा। वाड्रा बिग सिनेमा के सुनील शर्मा ने बताया कि फिल्म की रिलीज अलीगढ़ में होने के संबंध में मंगलवार को ही तय होगा कि क्या होना है।
गौर हो कि शहर में स्टार वर्ल्ड में तीन और सीमा मल्टीप्लेक्स में दो, कुल पांच स्क्रीन है। इसके अलावा वाड्रा बिग सिनेमा, अप्सरा और मीनाक्षी टॉकिज में भी बड़ी फिल्में रीलीज होती है। सभी सिनेमा संचालक अभी मंगलवार का इंतजार है।