पांच लाख देने का लालच देकर ठगे 36 हजार
ब्यूरो, अमर उजाला, अतरौली (अलीगढ़)।
कस्बे के मोहल्ला सराय खोखल का एक युवक ठगी का शिकार हो गया। जालसाज ने उसे पांच लाख रुपये दिलाने का लालच देकर अपने खाते में 36 हजार रुपये डलवा लिए। पीड़ित से अभी और रकम की मांग की जा रही है। उसने पुलिस को तहरीर दे दी है।
कस्बे के मोहल्ला सराय खोखल निवासी सुनील कुमार पुत्र रामचरन ने बताया कि उसके फोन पर एक व्यक्ति ने काल कर कहा कि तुम्हे पांच लाख रुपये मिलेंगे, लेकिन उससे पहले तुम्हे हमारे खाते में कुछ रुपये डालने होंगे जो फाइल चार्ज का खर्च होगा।
सुनील उसकी बातों में आ गया और उसके कहे अनुसार चार बार में छत्तीस हजार रुपये डाल दिए। इसके बावजूद सुनील के खाते में फूटी कौड़ी तक नहीं आई। इससे सुनील को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने पुलिस को घटना से अवगत कराते हुए मदद की गुहार लगाई है।