महानगर और आउटस्कर्ट इलाकों में पिछले एक सप्ताह से ताबड़तोड़ लूट व छिनैतियों का दंश झेल रही पुलिस के लिए मंगलवार मंगलकारी रहा। बन्नादेवी, सिविल लाइंस और गभाना पुलिस को बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। बन्नादेवी पुलिस ने हाइडिल कैशियर से लूट के बाद मौके पर दबोेच गए बदमाश और रात को मुठभेड़ के बाद उसके साथी की मदद से दो लाख रुपया बरामद किया है। सिविल लाइंस पुलिस ने डकैतों का गैंग और गभाना पुलिस ने पांच हजारी अपराधी को गिरफ्तार करते हुए कई घटनाओं का खुलासा किया है। इन खुलासों से खुश होकर डीआईजी-एसएसपी ने पुलिस टीमों को नगद इनाम की घोषणा की है।
जेल में और मजबूत हुआ सोनू गैंग, कसेगा शिकंजा
महानगर के आईटीआई रोड इलाके में हाइडिल कैशियर रितुराज शर्मा को गोली मारकर 3 लाख 2 हजार रुपये लूटने वाले गैंग के गिरफ्तार दो सदस्यों की मदद से पुलिस ने 2 लाख 2 हजार रुपया बरामद कर लिया। इनमें मौके से पकड़े गए बदमाश राजकुमार उर्फ छलिया को जेल भेजा दिया गया, जबकि रात भीकमपुर के पास मुठभेड़ में जख्मी हुए सोनू का पुलिस कस्टडी में इलाज जारी है। पूछताछ में उन्होंने अपने फरार साथियों के नाम बताए हैं और स्वीकारा है कि 2014 में जेल जाने के बाद अंदर और लुटेरों से मुलाकात हुई। तब उनका गैंग और ज्यादा मजबूत हुआ।
एसएसपी लव कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि 2014 में महाजन होटल के पास एसओजी से मुठभेड़ में गोली लगने के बाद जेल गए सोनू निवासी केलादेवी धर्मकांटे के पीछे चौकी तोरा ताजगंज आगरा की मुलाकात जेल के अंदर राजकुमार उर्फ छलिया निवासी पिलखना के अलावा फरार साथी पप्पी उर्फ अभिषेक निवासी जयगंज, जीशान निवासी जमालपुर से हुई। बाहर आने के बाद यह लोग शहर में लगातार लूट को अंजाम दे रहे थे। सोनू ने छर्रा अड्डा पर आढ़ती से लूट सहित कई लूट स्वीकारी हैं। राजकुमार के अनुसार वह दूसरी बार इनके साथ आया था। हाइडिल कैशियर से लूट के लिए जीशान ने ही मुखबिरी दी थी। किसी गुप्त स्थान पर बैठकर जीशान ही फोन पर राजकुमार, सोनू व पप्पी को सूचना दे रहा था। इस काम में पप्पी के एक साथी और लगा हुआ था। इस तरह अब जीशान, पप्पी व अज्ञात साथी को टीमें तलाश रही हैं। इन दोनों से लूटी गई रकम में से 2.2 लाख के अलावा तमंचे, कारतूस, बाइक आदि बरामद हुई है। इस सफलता में एसओ बन्नादेवी विनोद कुमार, थाने के दरोगा राजकुमार सिंह, चंचल सिरोही, एसओजी से रवि त्यागी, धर्मेंद्र सिंह, राकेश यादव, एमपी सिंह, सुखवीर, सुभाष रिषी आदि शामिल रहे। इस टीम को एसएसपी ने पांच हजार व डीआईजी ने दस हजार के इनाम की घोषणा की है। इस मौके पर एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव, सीओ द्वितीय सोमदत्त भी मौजूद रहे।
कई बार गोली चला चुका है सोनू
रात भीकमपुर के पास पुलिस की गोली से जख्मी हुआ सोनू गोली चलाने में माहिर है। उसने छर्रा अड्डा, महाजन होटल और सोमवार को आईटीआई रोड के अलावा पुलिस टीम पर भीकमपुर पर भी गोली चलाई थी। पकड़े गए दोनों बदमाशों पर महानगर के अलावा जवां, अतरौली, डिबाई, क्वार्सी, लोधा, अकराबाद आदि में लूट व चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
डकैती से पहले दबोचा गया पूरा गैंग
महानगर के सिविल लाइंस थाना पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए डकैतों के गैंग को फिरदौस नगर रेलवे लाइन के किनारे से दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस गैंग ने लूट व चोरी की कई वारदातों को भी स्वीकारा है। एसएसपी लव कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सूर्यकांत द्विवेद्वी के नेतृत्व में टीम ने रात को यह गैंग दबोचा है, जिसके सदस्य कलीम निवासी हमदर्द नगर, अमरेज निवासी एडीए शाहजमाल, सलीम निवासी ढोलना कासगंज, रिजवान निवासी रोरावर, हासिम निवासी पिलखना अकराबाद, मो. मुजस्सिम उर्फ शेरा निवासी जमालपुर बताए। इन सभी छह बदमाशों से तीन तमंचे, कारतूस, लूटे गए जेवरात, ताले व दरवाजे काटने के उपकरण बरामद हुए हैं। इन बदमाशों ने 28 मई की रात उमर मसजिद जमालपुर निवासी मो.अखलाक के घर से चोरी का माल बरामद कराते हुए क्वार्सी, बन्नादेवी, गांधीपार्क की कई चोरी व लूट स्वीकारी हैं। इन सभी से पूछताछ जारी है। एसएसपी ने इस टीम को भी इनाम की घोषणा की है।
पांच हजार का इनामी हत्यारोपी हत्थे चढ़ा
एसएसपी के अनुसार एसओ गभाना मोहम्मद असलम ने होली के मौके पर 23 मार्च को गांव भूपाल नगरिया में हुई शिवम की गोली मारकर हत्या के आरोपी चीकू उर्फ वीरेंद्र को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि इस हत्याकांड में तीन लोग आरोपी थे, जिनमें से दो को पूर्व में जेल भेजा जा चुका है, जबकि चीकू फरार था और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। लगातार पुलिस टीम इसकी तलाश में लगी थी। एसओ ने मुखबिरी की खबर पर चीकू को हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस सहित दबोच लिया। इस मौके पर सीओ गभाना सत्यप्रकाश यादव भी मौजूद रहे।
पुलिस टीमों ने बड़ी सफलता हासिल की है। इन बदमाशों के कुछ साथी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। बाकी हाइडिलकर्मी से लूट व सिविल लाइंस के डकैतों के गैंग पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई भी की जाएगी।
- लव कुमार, एसएसपी