अभिषेक तायल, अमर उजाला, अलीगढ़।
सीमा पर भारत और पाकिस्तानी की फौजें आमने सामने हैं। देश के कई कारोबारियों ने पाकिस्तान को जाने वाला करोड़ों रुपये का आर्डर रद्द कर दिया है। ऐसे में अलीगढ़ के मेडिकल रोड स्थित सफीना अपार्टमेंट में पाकिस्तानी सूटों की प्रदर्शनी को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। ये प्रदर्शनी दो और तीन मार्च को होनी है।
इस प्रदर्शनी के पंफलेट सुबह पूरे शहर में बांटे गए। पंफलेट को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गरम हो गया और इस प्रदर्शनी के बारे जांच पड़ताल शुरू हो गई। प्रदर्शनी की आयोजक आरआर कलैक्शन की मालिक शीबा ने कहा कि ये प्रदर्शनी भारत पाकिस्तान के बीच हुए तनाव से बहुत पहले ही तय हो चुकी थी। इसमें काफी पैसे भी लग चुके हैं।
अगर अब इसको स्थगित किया गया तो बहुत नुकसान हो जाएगा। उन्होंने इस प्रदर्शनी में कोई साउंड सिस्टम या अन्य चमक दमक नहीं की है। एक हफ़्ते पहले ही उनके दादा का इंतकाल हो गया है लेकिन मजबूरी में उनको ये आयोजन करना पड़ रहा है। वह पूरी तरह से देश के साथ हैं और इस वक्त हर देशवासी की भावना के साथ जुड़ी हैं।
वहीं सफीना अपार्टमेंट को बसाने वाले जाने माने रियल एस्टेट कारोबारी एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव वसीम अहमद का कहना है कि उनको आयोजन की जानकारी शाम को हुई है और वह इस संबंध में आयोजकों से बात कर रहे हैं।
इधर, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी का कहना है कि अगर ये प्रदर्शनी केवल सामान्य व्यवसायिक गतिविधि है तो आयोजक ही सब कुछ तय करेंगे। अगर ये गतिविधि अन्य किसी उद्देश्य से हो रही है तो इसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई भी होगी।
मामला जानकारी में है। जांच कराई जा रही है। यदि शांति व्यवस्था प्रभावित होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- चंद्रभूषण सिंह, जिलाधिकारी