न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
राशन कार्डों की सीडिंग के मामले में अलीगढ़ उत्तर प्रदेश में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। यहां अब तक 64.26 फीसदी राशन कार्डों की सीडिंग करायी जा चुकी है। सीडिंग की रफ्तार को देखते हुए जिले के शीघ्र ही नंबर एक पर पहुंचने की उम्मींद है। फिलहाल जिला सीतापुर पहले स्थान पर बना हुआ है।
आधार कार्ड व उपभोक्ता का बैंक अकाउंट नंबर लगाकर राशन कार्डों की फीडिंग में 99 फीसदी लक्ष्य प्राप्त कर चुके अलीगढ़ जनपद में इन सभी कार्डों की सीडिंग का काम भी जोर शोर से जारी है। इस मामले में हाल ही में प्रदेश स्तर पर जनपदों की वरीयता सूची जारी की गई।
इसमें अलीगढ़ को दूसरा स्थान मिला है। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि पहले स्थान पर 65.32 फीसदी सीडिंग के साथ जिला सीतापुर पहले स्थान पर बना हुआ है। जबकि अलीगढ़ 64.26 फीसदी सीडिंग के साथ दूसरे स्थान पर है।
तीसरे स्थान पर जौनपुर 63.91, हरदोई 63.87 फीसदी के साथ चौथे तो 63.51 फीसदी के साथ शामली पांचवें स्थान पर है। बताते चलें कि पिछले माह अलीगढ़ पांच स्थान पर था।