न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बिजली विभाग में काम कर रहे संविदा कर्मियों ने विद्युत संविदा मजदूर संगठन के बैनर तले गुरुवार को क्वार्सी स्थित विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
विद्युत संविदा मजदूर संगठन के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष प्रताप सिंह ने बताया कि एक वर्ष पहले संगठन के पदाधिकारियों ने ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मुलाकात कर मांग की थी कि संविदा कर्मियों को सीधे विभाग से वेतन दिया जाए। इस बात का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बाद भी संविदा कर्मियों की यह मांग नहीं मानी गई है।
इसी को लेकर गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में सभी संविदा कर्मी शुक्रवार को बरौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक ठा. दलवीर सिंह को ज्ञापन देंगे। साथ ही मुख्य अभियंता को भी ज्ञापन देंगे।
धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रमेश पांडे, सतीश शर्मा, ओम प्रताप, ब्रजेश सारस्वत, संजय गुप्ता, राकेश श्रीवास्तव, सुहेल अहमद, गुड्डू भाई, गुरुदत्त सिंह, सुनील शर्मा, सुनील गौतम आदि मौजूद थे।