अब पुराने सीएमओ आफिस पर बनेंगे दिव्यांग प्रमाण पत्र
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
मलखान नगर स्थित सीएमओ कार्यालय पर दिव्यांगों के बनने वाले प्रमाण पत्र अब मलखान सिंह जिला अस्पताल परिसर स्थित पुराने सीएमओ आफिस पर बनेंगे। दिव्यांगों को हो रही परेशानी और जिला अस्पताल के डाक्टरों की वहीं पर उपलब्धता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस बात के लिए शहर विधायक संजीव राजा ने पहल की थी, जिसके बाद गुरुवार से यह फैसला लिया गया।
दो वर्ष पहले मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यालय मलखान सिंह जिला अस्पताल परिसर से मलखान नगर सीएमओ आवास के पास ही शिफ्ट कर दिया गया। इसके बाद दिव्यांगों के प्रमाण पत्र भी वहां पर बनने लगे। जबकि पहले व्यवस्था यह थी कि दिव्यांगों का मेडिकल चेकअप के लिए जिला अस्पताल में डाक्टरों के रहते सभी काम करने में भी सुविधा हो जाया करती थी। मौजूदा व्यवस्था में जिला अस्पताल के डाक्टरों को इमरजेंसी और ओपीडी के बाद सीएमओ आफिस आना पड़ रहा था।
इससे दिव्यांगों को दो बजे तक का इंतजार करना पड़ता था। इस बात को शहर विधायक संजीव राजा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समक्ष उठाया और दिव्यांगों को होने वाली परेशानी की बात रखी। इसके बाद तय हुआ कि अब मलखान सिंह जिला अस्पताल के पुराने सीएमओ कार्यालय पर प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था होगी।
जिला अस्पताल में पुलिस चौकी का रास्ता साफ
जिला अस्पताल में सुरक्षा की मांग को देखते हुए ड्राइवर कक्ष में अब पुलिस चौकी बनने का रास्ता साफ हो गया है। इस बात की मांग सीएमएस डॉ. रामकिशन ने की थी। लेकिन ड्राइवर संघ ने इसमें ड्राइवर कक्ष होने की बात कही। इस पर भाजपा के विधायक संजीव राजा और वरिष्ठ नेता राजेंद्र वार्ष्णेय चीफ तक बात पहुंची, तो बता दिया गया कि जब सीएमओ आफिस ही शिफ्ट हो गया है तो वहीं पर ड्राइवर कक्ष भी है। इसके बाद यहां पर पुलिस चौकी बनने का रास्ता साफ हो गया।