न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
छर्रा-सांकरा मार्ग की सड़क पूरी तरह से गड्ढा मुक्त हुई भी नहीं थी कि इस पर बसों का संचालन शुरू हो गया। प्राइवेट बस आपरेटरों का जैसे सारा विरोध पलक झपकते ही काफूर हो गया। गुरुवार को 14 बस चलाई गईं। इसके साथ ही शुक्रवार से सभी बसें चलाने की योजना बनाई गई है।
नानऊ, बरला, छर्रा, दादों, सांकरा मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण लगभग 15 दिन पहले इस मार्ग पर चलने वाले 47 बस आपरेटरों ने अपने परमिट आरटीओ को सरेंडर कर दिए। इसके बाद इस मार्ग पर प्राइवेट बसों का संचालन बंद हो गया और यात्रियों का काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस आपरेटरों का कहना था कि जब तक सड़क गड्ढा मुक्त नहीं हो जाएगी बसों का संचालन नहीं होगा। इसको लेकर मंगलवार को छर्रा विधायक रवेंद्र सिंह की पहल पर बस आपरेटर एवं पीडब्लूडी के अधिकारियों के बीच वार्ता हुई।
इसमें तय हुआ दो दिन के अंदर सड़क को गड्ढा मुक्त किया जाए। इसके बाद बसों का संचालन शुरू होगा। बुधवार को काम शुरू हुआ और गुरुवार को इस मार्ग पर 14 बसें चलाई गई। साथ ही शुक्रवार से सभी बसों का संचालन करने की योजना भी तैयार हो गई।