न्यूज डेस्क, अमर उजाला अलीगढ़।
एडिशनल कमिश्नर वाणिज्य कर सीबी सिंह ने कहा कि ई-वे बिल 16 जनवरी से ट्रायल के रूप में एवं 1 फरवरी 2018 से औपचारिक रूप से देश व प्रदेश स्तर पर लागू हो जाएगा।
श्री सिंह गुरुवार को गूलर रोड स्थित गायत्री पैलेस में बिल्डर्स हार्डवेयर एक्सपोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ई-वे बिल के इस्तेमाल करते समय रखी जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर शालिनी ने ई-वे बिल बनाने की पद्धति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माल के ट्रांसपोर्ट के समय बिल स्टेपल करने के बजाए खुले लिफाफे में रखें।
डिप्टी कमिश्नर वस्तु एवं व्यापार कर पियूष कटियार ने निर्यातकों के इनपुट टैक्स क्रेडिट रिफंड में आ रही परेशानियों को धैर्यपूर्वक सुना तथा उसके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने निर्यातकों को रिफंड मिलने में आ रही दिक्कतों के कारणों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेशचंद्र सिंघल तथा संचालन सचिव आरके चतुर्वेदी ने किया संरक्षण हरिशंकर वार्ष्णेय द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, सुशील चौधरी, हरभजन सचदेवा, सतीश गौड़, धनजीत वाड्रा, अरविंद लिबर्टी, राजीव गर्ग, राजकुमार वार्ष्णेय, रामबाबू सिंघल, हितेंद्र झा, बीके जैन, अजय पटेल, विनोद गर्ग, जितेंद्र विष्णु गर्ग, हितेश गर्ग आदि मौजूद थे।