न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जल्द ही मिनी एयरपोर्ट में तब्दील होने जा रही धनीपुर हवाई के विस्तारीकरण में आड़े आ रहे पेड़ व विद्युत पोल हटाए जाएंगे। नेशनल एयरपोर्ट अथारिटी की टीम की रिपोर्ट पर नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसके आदेश कर दिये हैं।
धनीपुर हवाई पट्टी का विस्तार कर इसे मिनी एयरपोर्ट में तब्दील करने की योजना में करीब दो माह पूर्व नेशन एयरपोर्ट अथारिटी की टीम के विशेषज्ञों ने विस्तारीकरण के लिए अधिग्रहीत होने वाले तीन गांवों खानगढ़ी, किशनगढ़ी एवं नियामतपुर बोरना की जमीन का सर्वे किया था। सर्वे के दौरान टीम ने अधिग्रहीत भूमि में लगे पेड़ एवं विद्युत पोलों को हटाने की संस्तुति करते हुए अपनी रिपोर्ट नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भेजी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए मंत्रालय ने प्रशासन को इन सभी पेड़ एवं पोलों को हटाने के आदेश दिये हैं। बताते चलें कि विस्तारीकरण के लिए 19.15 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। एडीएम सिटी एसबी सिंह ने स्वीकार किया कि अधिग्रहीत भूमि से पेड़ एवं पोल हटाने के निर्देशों के क्रम में इन्हें हटवाया जाएगा।