न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बन्नादेवी थाना क्षेत्र के नई बस्ती स्थित एक मिठाई की दुकान में आग लग गई। आग के कारण लाखों रूपये का नुकसान हो गया। सूचना पर पहुंची तीन दमकलों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुबह सूचना मिलने पर शहर विधायक संजीव राजा, पूर्व विधायक विवेक बंसल, शाहिद खान समेत अन्य लोग दुकान स्वामी को सांत्वना देने पहुंचे।
जेल रोड निवासी सुनील वार्ष्णेय की नई बस्ती में डिपार्टमेंटल स्टोर व मिठाई की दुकान हैं। गत नीचे के हिस्से में रात्रि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई और देखते-देखते तीसरी मंजिल तक पहुंच गई।
दुकान से धुंआ उठते देख स्थानीय लोगों ने सूचना उन्हें दी। आग के कारण आसपास के क्षेत्र में भी अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने-अपने मकानों के सामने से सामान को उठाकर सुरक्षित स्थान पर रखने लगे। आग की सूचना पर तीन दमकल मौके पर पहुंच गई।
दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे पूर्व दुकान में रखे दो गैस सिलेंडर फटने के कारण दमकलकर्मी भी झुलसने से बाल-बाल बचे।
दुकान में आग लगने के कारण लाखों रूपये का नुकसान बताया जा रहा है। सीएफओ विवेक शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल दमकलों को भेज दिया। आग और विकराल रूप अख्तियार करती इससे पहले ही उसके ऊपर काबू पा लिया गया।
चिकित्सक के घर में लगी आग, अफरा-तफरी
महानगर के क्वार्सी इलाके की दुर्गाबाड़ी गली नंबर चार स्थित जेएन मेडिकल कालेज के डॉक्टर के घर में शनिवार की रात को शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने के कारण लाखों रुपये का घरेलू सामान तथा डॉक्टरी की डिग्री समेत अन्य कागजात भी जल गए। सूचना पर पहुंची दमकल ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
दुर्गाबाड़ी में जेपी सचदेवा के मकान में शनिवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस दौरान परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने बताया कि उसकी रेलवे रोड पर मशीनरी पार्ट्स की दुकान है और उनका बेटा संदीप जेएन मेडिकल कॉलेज में डाक्टर के पद पर तैनात है। बताया गया है कि वाकये के समय उनकी पत्नी उर्मिला बाहर गई थीं, जबकि जेपी अपनी दुकान पर थे। बेटा कॉलोनी में टहलने निकला हुआ था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। पड़ोसियों की सूचना पर यह लोग आए।