18 से सॉफ्टवेयर-4 के तहत होगा आरटीओ में काम
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
केंद्र सरकार के परिवहन मंत्रालय के निर्देश पर अलीगढ़ में 18 नवंबर से वाहन-4 सॉफ्टवेयर के तहत कार्य शुरू हो जाएगा। इस सॉफ्टवेयर की मदद से व्यवसायिक वाहन स्वामियों को प्रत्येक कार्य के लिए आरटीओ आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वह अपनी यूजर आईडी बनाकर कहीं से भी फीस जमा कर वाहन का स्टेटस पा सकते हैं। इसके साथ ही यूजर आईडी के बाद वाहन संबंधी मैसेज भी उन्हें मिलेगा।
परिवहन संभागीय कार्यालय में 18 दिसंबर से वाहन-4 सॉफ्टवेयर के तहत काम होने शुरू हो जाएगा। इस सॉफ्टवेयर की खासियत होगी कि वाहन मालिक अपनी यूजर आईडी बनाकर सभी प्रकार की फीस जमा कर सकेगा। इसके लिए उसे बार-बार कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। वह घर बैठे ही सभी प्रकार के टैक्स जमा कर सकते हैं। इससे आरटीओ में होने वाली दलाली पर भी अंकुश लगेगा। इसके तहत फिटनेस, परमिट, टैक्स समेत सभी प्रकार के वाहनों का काम होगा।
लखनऊ से सॉफ्टवेयर-4 की ट्रेनिंग लेकर लौटे एआरटीओ पी/ई अमिताभ चतुर्वेदी ने बताया कि वाहन मालिक को पहले अपनी यूजर आईडी बनानी होगी। इसके बाद उसके मोबाइल पर ओपीटी पासवर्ड जाएगा। इसे डालते ही वह विभाग के सर्वर से कनेक्ट हो जाएगा। अभी तक ऑनलाइन फीस तो जमा होती थी, लेकिन उसे भी आने में काफी समय लग जाता था, लेकिन अब वाहन स्वामी और विभाग दोनों एक ही सर्वर पर काम करेंगे। कासगंज में एक माह पहले ही सॉफ्टवेयर-4 के तहत काम शुरू हो चुका है। 18 के बाद के बाद अलीगढ़ में काम इसी सॉफ्टवेयर के तहत काम होगा।
जिन लोगों ने पूर्व में फीस कटा ली और काम कराने के लिए नहीं आ रहे हैं वह 18 नवंबर से पहले ही अपना काम करा लें, क्योंकि इसके बाद नया सॉफ्टवेयर पुरानी ऑनलाइन जमा हुई फीस को स्वीकार नहीं करेगा। - राधेश्याम, आरटीओ अलीगढ़।