प्रधान मोनू व सचिन यादव का सरेंडर
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
अलीगढ़। महानगर के जयगंज में हुए मोहित हत्याकांड के आरोपी और जवां के गांव पौहिना में हुए प्रधान प्रत्याशी पुत्र हत्याकांड के आरोपी प्रधान ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। अदालत ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया। अब पुलिस इन दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर हत्या के कारणों व हत्या में प्रयुक्त हथियार को लेकर पूछताछ करेगी।
बता दें कि 29 जुलाई को जवां के पौहिना में प्रधान प्रत्याशी लीलाधर के बेटे राजेंद्र की घर में सोते समय उठाकर हत्या की गई थी। इस हत्या में मौजूदा प्रधान मोनू पचौरी सहित कई लोग नामजद किए गए थे। मुख्य आरोपी मोनू दबंग छवि का है, जिसकी तलाश में लगातार पुलिस प्रयासरत थी। पुलिस के इसी दबाव के चलते मोनू ने सोमवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
बताया गया है कि मोनू गांव में एक जानलेवा हमले के मुकदमे में नामजद था। उसी मुकदमे में अपर सत्र न्यायालय से उसके खिलाफ वारंट चल रहे थे। मोनू ने उन्हीं वारंटों में कोर्ट में सरेंडर किया है।
इधर, दो दिन पहले सासनी गेट के जयगंज में मोहित यादव हत्याकांड के नामजद आरोपी सचिन यादव ने सीजेएम न्यायालय में सरेडर किया। दोनों को जेल भेज दिया। अब दोनों थानों की पुलिस इन दोनों को रिमांड पर लेगी।