न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
उत्तर प्रदेश में अराजकता का माहौल। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। महंगाई चरम पर है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं।
ये बातें बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाह ने बसपा की समीक्षा बैठक में कहीं। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें बढ़ने का असर किसान, मजदूर व मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र के विपरीत बेरोजगारी को बढ़ाने का काम किया है। सभी उद्योग घरानों की गोद में भाजपा सरकार बैठी है।
देश की सीमाएं और अधिक असुरक्षित हो गई हैं, जबकि देश में आंतरिक सुरक्षा की समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता का ध्यान मूलभूत समस्याओं से हटाने के लिए अनावश्यक के मुद्दे उछाले जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बूथ स्तर पर 23 पदाधिकारियों का गठन करें और सभी को पार्टी का सदस्य बनाएं। सर्व समाज को वहीं पर पार्टी का कैडर देने का कार्य करें।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद मुनकाद अली ने कहा कि जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, जबकि भाजपाई मौज ले रहे हैं। किसान की फसल गाय-सांड खा रहे हैं और सर्वाधिक गोहत्या सरकार के समर्थक गोशाला में कर रहे हैं। गायें खेतों, गलियों, सड़कों पर आवारा घूम रही हैं।
बैठक में हेमंत प्रताप सिंह, संघ प्रिय गौतम, रणवीर सिंह कश्यप, मेयर मोहम्मद फुरकान, पूर्व विधायक जमीरउल्लाह, जिलाध्यक्ष तिलकराज यादव, रोशनलाल माहौर आदि मौजूद रहे। संचालन गजराज विमल ने किया।