फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी बोर्ड परीक्षा।

विज्ञापन
विज्ञापन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन


यूपी बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार की पहली पाली में हाईस्कूल की चित्रकला की परीक्षा में सचल दलों की छापेमारी में कई केंद्रों पर नकल होते हुए मिली। एक परीक्षा केंद्र पर तो एक शिक्षक व कॉलेज का लिपिक खुद परीक्षार्थियों की कॉपियों पर ड्राइंग बना रहे थे। वहीं एक परीक्षा केंद्र पर बाहरी व्यक्ति छापेमारी के दौरान कॉपी छोड़कर भाग गया।

इस केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और केंद्र को डिबार करने की संस्तुति की गई है। मुन्नाभाई व नकचली भी इस दौरान पकड़े गए। वहीं शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह के क्षेत्र अतरौली में चित्रकला की परीक्षा में काफी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की जगह पेंटरोें ने चित्र बनाए। गंगीरी क्षेत्र में भी नकल का खेल चला और कॉपियां भी लगाई गईं।
विज्ञापन


सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने सरदार सिंह शिक्षण संस्थान नगला बाटुल में जब छापा मारा तो सुबह की पाली में हाईस्कूल की चित्रकला की परीक्षा में कॉलेज प्रवक्ता व कॉलेज का क्लर्क ही परीक्षार्थियों की ड्राइंग बनाते हुए मिले। इन दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश उन्होंने दिए।

विरजानंद आर्य इंटर कॉलेज प्यावली में भी उन्हें छापेमारी में यह प्रतीत हुआ कि केंद्र पर बड़े पैमाने पर नकल हो रही है। 90 फीसदी परीक्षार्थी गैरजनपदोें के थे। उन्होंने सीसीटीवी फु टेज देखने के बाद कार्रवाई की संस्तुति की है। यहीं के राममनोहर लोहिया उ.मा. विद्यालय में उन्होंने यह पाया कि केंद्र व्यवस्थापक का केंद्र पर कंट्रोल नहीं है। उन्होंने नया केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त करने की संस्तुति की है।

डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा को सुरेंद्र पाल शर्मा इंटर कॉलेज दिहौली में एक फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा देते मिला। उन्होंने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए। एक सचल दल की प्रभारी अंजली अग्रवाल ने जब गंगावती इंटर कॉलेज भमसोई पर छापा मारा तो परीक्षा केंद्र से एक अज्ञात व्यक्ति कॉपी छोड़कर भाग निकला।

अंदर लिखी हुई उत्तर पुस्तिका मिली। उन्होंने जब पूछताछ की तो पता चला कि छात्र अनुपस्थित है। इस पर उन्होंने अज्ञात व्यक्ति व केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने और केंद्र को डिबार करने की संस्तुति की है।

फर्जी परीक्षार्थी के लिए बनवा लिए दो आधार कार्ड
नकल कराने के लिए माफिया तरह-तरह के गणित लगा रहे हैं। इसका खुलासा छापेमारी के दौरान हुआ। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने चित्रकला की परीक्षा में जब सरदार सिंह इंटर कॉलेज नगला बाटुल पर छापा मारा तो एक परीक्षार्थी के दो आधार कार्ड मिले और उसके प्रवेश पत्र पर नकली फोटो लगा था। छानबीन करने पर स्पष्ट हुआ कि शुक्रवार से पहले की परीक्षा तो फर्जी परीक्षार्थी ने दी थी, जबकि शुक्रवार की परीक्षा में असली परीक्षार्थी बैठी थी। उन्होंने उसकी पूर्व की परीक्षा निरस्त कराने की संस्तुति की है।

चित्रकला की परीक्षा में पेंटरों ने बनाए चित्र
शुक्रवार को हाईस्कूल चित्रकला की परीक्षा में पेंटरों के ब्रुश जमकर चले। काफी परीक्षा केंद्रों पर पेंटर या चित्र बनाने के विशेषज्ञ युवाओं को बुलाया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सौ से 200 रुपये प्रति चित्र के हिसाब से कॉपी में चित्र बनाए। चित्रों पर रंग भरने के रुपये अलग से लिए। अतरौलिया बोर्ड में चित्रकला का पेपर होने के चलते अधिकारियों के दौरे भी नहीं हुए। इसका फायदा माफिया ने जमकर उठाया।

चित्रकला की परीक्षा में भी नहीं रुकी नकल
गंगीरी। सुबह की पाली में हाईस्कूल कला के पेपर में दादों व गंगीरी क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर नकल माफिया ने 200 रुपये से एक हजार रुपये तक लेकर नकल कराई जा रही है। यही नहीं देरी से आने वाले परीक्षार्थियों की कॉपियां 1,500 रुपये में लगाई गई। यही नहीं परीक्षार्थी से 100 या 200 रुपये ही लेकर जमकर नकल कराई।
विज्ञापन


केंद्र व्यवस्थापकों को बिना वजह न किया जाए परेशान
वहीं वित्त विहीन शिक्षक महासभा के प्रांतीय महामंत्री नीरज शर्मा ने कहा है कि वित्तविहीन शासन को नकल विहीन परीक्षा कराने में पूरा सहयोग कर रहे हैं। इसके बाद भी मोहरपाल सिंह इंटर कॉलेज उटवारा खैर की केंद्र व्यवस्थापक पूजा भारद्वाज पर गलत एफआईआर दर्ज करा दी गई। उन्होंने इसकी भर्त्सना करते हुए कहा है कि किसी भी बंडल में विभाग भी 200 की 200 कॉपी नहीं गिनवा सकता। यही नहीं विभागीय रिपोर्ट के आधार पर भी कॉलेज में बंडल में कम उत्तर पुस्तिकाओं की रिसीविंग हुई है। यह विद्यालय के पास मौजूद है। इस तरह केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ गलत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बिना किसी तथ्य के किसी केंद्र व्यवस्थापक को परेशान किया गया तो सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा कार्य का बहिष्कार कर देंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें