बारिश.. थोड़ी राहत, बड़ी मुसीबत
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
सुबह से जबरदस्त नमी और उमस। काले घने बादल तो छायेे पर हवा नहीं चलने से उलझन बढ़ती रही। सुबह कुछ बूंदाबांदी होने के बाद कुछ देर के लिए लगा कि आज भी बारिश नहीं होगी, लेकिन दोपहर होते-होते पानी की झड़ी लग गई और फिर रुक-रुक कर काफी देर तक पानी बरसता रहा। इतने ही पानी में पूरे शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।
वाहन बीच रास्ते में फंस गए। इस दौरान संडे में टीवी का आनंद ले रहे दर्शकों को डिश का नेटवर्क नहीं आने से दिक्कत हुई। फोन भी ठीक से नहीं मिल रहे थे। रामघाट रोड, मैरिस रोड, दुर्गाबाडी, रेलवे रोड, सरसैयद नगर, न्यू सर सैयद नगर, अचल रोड, सासनीगेट आगरा रोड, महेंद्र नगर, सुरेंद्र नगर, रावणटीला, जयगंज, बारहद्वारी, सराय हकीम, स्वर्णजयंती नगर सहित पुराने शहर के अधिकांश इलाकों में दो तीन घंटे तक पानी भरा रहा। बारिश बंद होने के बाद पानी निकला और यातायात सामान्य हुआ, लेकिन सड़कों पर सिल्ट की कीचड़ फैल गई।
डीएस कॉलेज में संगीत सम्राट तानसेन महाविद्यालय के मल्हार 2017 के समापन समारोह में भी लोगों को परेशानी हुई। यहां पर पानी भरने से कई लोग परेशान हुए। इसी तरह से धर्मपुर कोर्टयार्ड में भाजपा नेता ठा. जयवीर सिंह के कार्यक्रम में भी आए लोगों को परेशानी हुई। तीज, रक्षाबंधन और दूसरे आयोजनों में भी लोगों की उपस्थिति कम रही।
रक्षाबंधन पर बाजारों की खरीदारी भी कम ही रही क्योंकि संडे को खरीदारी करने जाने वाली महिलाएं घरों से नहीं निकल पाईं। नगर निगम के अधिकारी संजीव सिन्हा ने बताया कि जलभराव से राहत देने के लिए सभी पंपिंग स्टेशनों पर जेनरेटर रखवाए गए हैं अगर बिजली नहीं आई तो जेनरेटर चला कर पानी की निकासी कर दी जाएगी। बाकी जगहों पर भी सिल्ट सफाई का काम तेजी से पूरा किया जाएगा जिससे नालों में पानी निकलने में रुकावट पैदा न हो।