तय रंग के कपड़े की कमी से नहीं बंट पा रही है यूनिफॉर्म
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। प्रदेश सरकार ने घोषणा की थी कि 15 जुलाई तक सभी परिषदीय स्कूलों के बच्चों को यूनिफॉर्म बांट दी जाएगी लेकिन यहां अभी तक ज्यादातर स्कूली बच्चों को यूनिफॉर्म नहीं मिली है। इसे लेकर जब अधिकारियों ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से पूछताछ की तो यह बात सामने आई कि जिस कलर की यूनिफॉर्म निर्धारित की गई है, उसका पर्याप्त कपड़ा मार्केट में नहीं मिल रहा।
प्रदेश सरकार ने परिषदीय स्कूलों के बच्चों की यूनिफॉर्म का नया कलर तय कर दिया और यूनिफॉर्म के लिए बजट भी भेज दिया। यह बजट विद्यालयों के खातों में पहुंचा दिया हैं। शासन ने निर्देश दिए थे कि 15 जुलाई तक बच्चों को यूनिफॉर्म दे दी जाए लेकिन ज्यादातर स्कूलों में अभी यूनिफॉर्म वितरित नहीं हुई हैं।
इसे लेकर बीएसए के अलावा सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारियों यूनिफॉर्म वितरण में चल रही सुस्ती पर जवाब मांगा तो यह बात भी सामने आई कि मार्केट में निर्धारित रंग के कपड़े की उपलब्धता कम है। इसलिए यूनिफॉर्म बनवाने में समय लग रहा है। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी बीबी पांडेय का कहना है कि इसी साल से इस नये कलर के कपड़े की यूनिफॉर्म बांटी जा रही है। इसलिए पर्याप्त कपड़ा नहीं मिल रहा। अगले साल से यह समस्या नहीं रहेगी। वैसे सभी हेडमास्टरों से कहा है कि वह बच्चों को यूनिफॉर्म वितरण इस माह के अंत तक करा दें।