कार के शीशे तोड़ साढ़े तीन लाख रु. से भरा बैग उड़ाया
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
मिथराज हॉस्पीटल के स्वामी डॉ. राजेंद्र वार्ष्णेय की बहन की थाना क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित पुराने आरटीओ कैंपस के बाहर खड़ी से कार में रखे बैग को शीशा तोड़कर पार कर दिया। बैग में जरूरी कागजात सहित साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी थी। खबर पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की सहायता से छानबीन में जुटी है।
वाकया रविवार दोपहर 12 बजे का है। कमलेश वार्ष्णेय रामघाट रोड स्थित आरटीओ कैंपस में अपनी बहन से मिलने गईं थीं। वह अपनी कार वहीं बाहर खड़ी कर घर के अंदर चली गईं।
करीब आधे घंटे बाद आकर देखा तो कार का ड्राइवर साइड का शीशा टूटा था, जिसमें रखा बैग गायब था। पीड़ित के मुताबिक बैग में साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी थी, जो आगे किसी को देने के लिए रखी थी। साथ ही जरूरी कागजात थे। इस खबर को सुनकर पुलिस में हलचल मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी की। साथ ही पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दिया है।