डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
कई महीनों से अलसाए से चल रहे बाजार को त्योहार के अवसर पर आए आफरों की भरमार से गतिमान होने की भरपूर आशा है। इलेक्ट्रोनिक्स उपकरण और होम एप्लाइंसेस के मार्केट में यह त्योहार कुछ मौका लेकर आया है। यहां पर कुछ कंपनियां एक दशक से भी ज्यादा समय के लिए वारंटी का आफर दे रही हैं तो कुछ कंपनियां जीरो प्रतिशत फाइनेंस की स्कीम लाई हैं। उपभोक्ता अपनी जरूरत और सुविधा के मुताबिक स्कीम और आफर का चयन कर सकता है। चूंकि त्योहार के मौके पर कुछ न कुछ घर के लिए नया खरीदने की इच्छा भी रहती है। इसीलिए कंपनियां और बाजार भी उपभोक्ता की इस मानसिकता को अपने लिए अवसर के रूप में बदलने के लिए पूरी तरह तैयार रहता है। शहर में सेंटर प्वाइंट, रेलवे रोड अप्सरा मार्केट, आगर रोड आदि जो कि इलेक्ट्रिानिक्स के मुख्य बाजार हैं, यहां पर बाजार की चहल पहल आसानी से देखी जा सकती है।
‘एक बहुत पुरानी कंपनी अब नए नाम के साथ बाजार में आई है। यह अपने फ्रिज पर 12 वर्ष तक की वारंटी दे रही है। साथ ही होम एप्लाइंसेस की पूरी रेंज है। पांच हजार रुपये के माइक्रोवेव से लेकर एक लाख रुपये के ऊपर तक के उपकरण हैं। वाशिंग मशीन की बात करें तो टाप लोड के साथ ही फ्रंट लोड मशीन भी है। ग्राहक को जो सुविधा हो उसके मुताबिक उत्पाद चुन सकता है’
- दीपक अग्रवाल, शोरूम मालिक, दुबे के पड़ाव
‘फेस्टिवल सीजन में यह खरीदारी का सबसे बड़ा मौका है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उनके यहां पर सभी बड़े ब्रांड प्रोडक्टों की पूरी रेंज है। उनका शोरूम यूपी में दसवें नंबर पर और अलीगढ़ का दूसरे नंबर का सबसे बड़ा शोरूम है। उपभोक्ता को फाइनेंस स्कीम की भी सुविधा है। अपनी सुविधा के साथ पैसा चुका सकता है। उत्पाद ले जा सकता है’
- मनोज शर्मा, मैनेजर, शोरूम, ढपरा रोड
बोले खरीदार
‘माइक्रोवेव खरीदना था। चूंकि इस सीजन में आफर आदि बहुत रहते हैं तो यही समय चुना’
- शबनम, उपभोक्ता
‘एलईडी खरीदा है। इस समय बाजार में रेंज बहुत है और कीमतें भी काफी प्रतिस्पर्धी हैं’
- प्रिया, उपभोक्ता