डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष पद पर 8 छात्र नेताओं ने दावेदारी ठोकी है। उपाध्यक्ष पद पर 5 एवं सचिव पर 4 छात्र नेताओं ने नामांकन किया है। कैबिनेट सदस्य के लिए सर्वाधिक 36 नामांकन आए हैं, जबकि एएमयू कोर्ट सदस्य के लिए 33 छात्रों ने नामांकन किये हैं। नामांकन के आखिरी समय में हंगामा हो गया। धक्का-मुक्की में मुख्य चुनाव अधिकारी के कमरे का शीशा टूट गया। एक छात्र जख्मी हो गया। जिस कारण देर रात तक यूनियन हॉल में छात्र जुटे रहे।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जहीरउद्दीन के नेतृत्व में गुरुवार को यूनियन हॉल में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हुई। लंच तक एएमयू कोर्ट सदस्यों के नामांकन होने थे। उसके बाद एएमयू छात्र संघ के लिए समय निर्धारित था। दस बजे से ही यूनियन हॉल पर नामांकन करने वाले छात्र नेता समर्थकों के साथ पहुंचने लगे। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव एवं कैबिनेट पद के प्रत्याशी समर्थकों के साथ कंधे पर सवार होकर नामांकन करने पहुंचे। बाइक रैली कर प्रत्याशियों ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि पीएचडी स्कालर मुबाशिर हुसैन शाह को कश्मीर के छात्रों ने अध्यक्ष पद पर उतारा है। अध्यक्ष पद पर कुल 8 छात्र नेताओं ने नामांकन ठोका है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर 5 एवं सचिव पद पर 4 नामांकन हुए हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जहीरउद्दीन ने बताया कि स्क्रूटनी के बाद प्रत्याशियों की सूची की जाएगी। नामांकन के आखिरी वक्त में यूनियन हॉल में जमकर हंगामा हुआ। दरअसल अध्यक्ष पद के दो प्रत्याशी निर्धारित समय शाम 5 बजे के चंद मिनट पहले पहुंचे थे। एएमयू के अधिकारियों ने निर्धारित समय के बाद पहुंचने का हवाला देकर नामांकन फार्म लेने से इंकार कर दिया। इसके कारण काफी हंगामा हुआ। धक्का-मुक्की में मुख्य चुनाव अधिकारी के कमरे का शीशा टूट गया। एक छात्र जख्मी हो गया। देर रात तक यूनियन हॉल के पास छात्र जमे हुए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रॉक्टर दल-बल सहित यूनियन हॉल में मौजूद थे।