शूटर अरीबा बनीं स्कीट जूनियर महिला नेशनल चैंपियन
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
हर किसी की ख्वाहिश होती है कि उसकी संतान उससे भी ऊंचे पायदान पर पहुंचे। जब यह कारनामा बेटी कर दिखाए तो उस बाप का सिर फख्र से और ऊंचा उठ जाता है। यह कहानी भी अलहदा ही है।
अमूमन बच्चों के ख्वाब पिता पूरा करते हैं, लेकिन लाडली अरीबा खान अपने पिता मोहम्मद खालिद खान के ख्वाबों में रंग भर रही हैं। खालिद को मलाल तो है कि वह देश के लिए नहीं खेल सके। मगर बेटी के बढ़ते काफिले से वह गदगद हैं। पिछले दिनों अरीबा दिल्ली में स्कीट जूनियर महिला नेशनल चैंपियन बन गईं।
वैसे तो शहर के आजाद नगर दोधपुर में अरीबा का जन्म 19 नवंबर 2001 में हुआ था, लेकिन अपने उम्र से ज्यादा मेडल और प्रतियोगिता वह जीत चुकी हैं।
यूं तो अरीबा की निशानेबाजी में शुरुआत वर्ष 2013 में हुई। वर्ष 2013 व 2014 में यूपी स्टेट चैंपियनशिप में तीन-तीन गोल्ड मेडल जीते। इसके बाद शुरू हुआ कारवां बढ़ता रहा है। वर्ष 2017 में ही अरीबा फिनलैंड शाटगन के स्कीट में गोल्ड पर निशाना साध चुकी हैं।
अरीबा के पिता व कोच खालिद ने बताया कि मास्को (रूस) में आईटीए व वर्ल्ड चैंपियनशिप में अरीबा हिस्सा लेने जाएगी। 24 नवंबर 2017 को दिल्ली में 61वीं राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 54/60 निशाना लगाकर गोल्ड मेडल जीता।