चोरी की बाइकों सहित मिस्त्री दबोचा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
चुनावी तैयारियों के बीच बदमाशों की धरपकड़ को चल रहे अभियान के दौरान गांधीपार्क पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। वहीं चोरी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया है। इसके अलावा थाने के सामने से ही तीन तमंचाधारी गिरफ्तार किए हैं।
इंस्पेक्टर गांधीपार्क रविंद्र सिंह के अनुसार थाना क्षेत्र में ही एक मिस्त्री चोरी की बाइकें खरीदते व बेचते पकड़ा गया है। डोरी नगर निवासी मानवेंद्र को जब गिरफ्तार किया गया तो उसके पास से चार चोरी के वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार मानवेंद्र बाइक मिस्त्री है और चोरी के वाहन खरीदता और बेचता है। यह चारों वाहन भी उसने खरीदे थे, जिन्हें जल्द ही बेचने जा रहा था। वहीं सुरेंद्र नगर निवासी सुशील वार्ष्णेय के घर में चार नवंबर की रात नकाब लगाकर चोरी हुई थी।
जिसकी जांच क्वार्सी पुलिस कर रही थी, लेकिन इसी बीच गांधीपार्क थाने के पुलिसकर्मी ने अभियुक्त रंजीत पुत्र केंद्रपाल निवासी बाबा कॉलोनी की गिरफ्तारी कर इस चोरी का खुलासा किया है। उससे नकदी आदि बरामद हुई है। वहीं थाने के सामने से चेकिंग में सौरभ सिंह व मनोज निवासीगण अहलादपुर और शिवम नगला तुला विजयगढ़ को तमंचा सहित दबोचा है।
12 घंटे में चोरी की बाइक सहित दबोचा
महानगर की क्वार्सी पुलिस ने चोरी की बाइक सहित एक आरोपी को 12 घंटे में ही दबोचा लिया। इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह के अनुसार दीपक पुत्र पीतंबर सिंह निवासी गंगा नगर हेतराम कॉलोनी गांधीपार्क ने 24 नवंबर को ज्वालापुरी चौकी क्षेत्र से बाइक चोरी की थी, जिसे 25 की सुबह चोरी की बाइक सहित दबोचा लिया गया है। उससे अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ चल रही है।