एएमयू के प्रो. गुलरेज श्रीलंका में विजिटिंग प्रोफेसर नियुक्त
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
एएमयू के वेस्ट एशियन स्टडीज एंड नार्थ अफ्रीकन स्टडीज विभाग के पूर्व अध्यक्ष और एएमयू में चल रहे कनफिलक्ट रेजूलूशन एंड पीस स्टडीज प्रोग्राम के कोआर्डिनेटर प्रो. मुहम्मद गुलरेज श्रीलंका के कोलंबो विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठित आईसीसीआर चैप्टर एब्रोड में विजिटिंग प्रोफेसर नियुक्त हुए हैं। उनकी नियुक्ति भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के इंडियन फॉर कल्चरल रिलेशनन्स द्वारा की गई है।
प्रोफेसर गुलरेज कोलंबो विवि में शोध छात्रों एवं शैक्षिक विद्वानों के साथ संवाद के साथ दोनों देशों के बीच बेहतर तालमेल पैदा करने के उद्देश्य से भारत से संबंधित जानकारी को उपलब्ध कराने व उसे बढ़ावा देने में सहयोग प्रदान करेंगे।
उनकी नियुक्ति फिलहाल एक सेमेस्टर के लिए की गई है। प्रोफेसर गुलरेज इससे पूर्व अमेरिका, ईरान, पाकिस्तान, लीबिया, रूआंडा, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड, इंग्लैंड, घाना, सऊदी अरब और क्रिगिस्तान जैसे देशों में अंतरराष्ट्रीय सेमीनार व कांफ्रेंस में शिरकत कर चुके हैं।
वह भारतीय प्रतिनिधि के रूप में सिनेगल ओर घाना में विदेश मंत्रालय द्वारा प्रायोजित इंडिया अफ्रीका फोरम सम्मिट कांफ्रेंस में भाग लेने के अलावा अफ्रीका की नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ रूआंडा के पालिटिकल एंड एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज विभाग में विजिटिंग फैकल्टी भी रह चुके हैं। वह एएमयू स्कूलों के निदेशालय में निदेशक भी रह चुके हैं।