राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) अलीगढ़ से संबद्ध महाविद्यालयों में 50 फीसदी महाविद्यालयों ने परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया है। 10 अगस्त तक परीक्षा शुल्क जमा करने का वादा आरएमपीयू स्ववित्त पोषित महाविद्यालय एसोसिएशन ने किया था। अब 18 अगस्त तक शुल्क जमा करने का आदेश दिया गया है।
परीक्षा शुल्क में थोड़ा समय देने के लिए एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल कुलपति से मिला था। प्रतिनिधिमंडल ने 6 अगस्त से होने वाली परीक्षा के प्रवेश पत्र बिना शुल्क जमा कराए निर्गत करने की बात कही थी, जिसे कुलपति ने स्वीकार कर लिया था। 10 अगस्त तक संपूर्ण शुल्क जमा कराने का वादा किया गया था। विश्वविद्यालय के कुलसचिव महेश कुमार ने बताया कि 12 अगस्त क 50 महाविद्यालयों ने शुल्क जमा नहीं किया है। उन्होंने महाविद्यालयों को आदेश दिया कि अगर 18 अगस्त तक शुल्क जमा नहीं किया गया, तो 19 से 23 अगस्त प्रति छात्र 500-500 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क जमा होगा।
बीएड व विधि पाठ्यक्रम की परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी
राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) अलीगढ़ से संबद्ध महाविद्यालयों में बीएड व विधि पाठ्यक्रम की परीक्षाएं वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के आधार पर होगी। इनकी परीक्षाएं ओएमआर शीट पर होगी। इन परीक्षाओं को लेकर परीक्षार्थियों में भ्रम की स्थिति थी।
तीन सितंबर से बीएड, एलएलबी व बीएलएलएलबी की परीक्षा का कार्यक्रम घोषित हो चुका है। विश्वविद्यालय से लगातार विद्यार्थी प्रश्न कर रहे हैं कि यह परीक्षाएं सैद्धांतिक होगी या वस्तुनिष्ठ होगी। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा को शांत करते हुए कहा कि केवल वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के आधार पर परीक्षा होगी। इस परीक्षा में 75 प्रश्न होंगे, जिनमें परीक्षार्थियों को 50 प्रश्नों का उत्तर देना होगा। इसके लिए डेढ़ घंटे का समय मिलेगा।