डेस्क न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
आखिरकार अमर उजाला का डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय की कबड्डी व शतरंज की टीम भेजने के मामले में संशय हकीकत में बदल गया। अब कबड्डी व शतरंज की विश्वविद्यालय टीम इंतजाम के अभाव में नहीं जा सकी। बिना खेले खिलाड़ी आगरा से अलीगढ़ लौट आए।
विश्वविद्यालय की कबड्डी को एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक में 14 अक्तूबर को रिपोर्टिंग करनी थी। लिहाजा, विवि टीम में शामिल डीएस व एसवी कॉलेज अलीगढ़ के खिलाड़ी रविवार को विवि आगरा पहुंच गए, लेकिन विवि प्रशासन के पास न तो किट थी और न ही कोई अन्य इंतजाम। ऐसे में टीम को भेजने का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। इससे निराश खिलाड़ियों ने अपने खर्चे पर खेलने का अनुरोध किया, लेकिन उनके इस अनुरोध को टाल दिया गया। उदास होकर खिलाड़ी लौट आए। वहीं, एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा में हो रही अंतर विश्वविद्यालयीय शतरंज प्रतियोगिता में भी विवि की टीम का जाना रद कर दिया गया। अमर उजाला ने 12 अक्तूबर के अंक में टीमों के जाने पर संशय की खबर प्रकाशित की थी। इससे पहले अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय क्रास कंट्री प्रतियोगिता गुलबर्गा विश्वविद्यालय कर्नाटक में किट न होने के चलते आगरा विश्वविद्यालय के खिलाड़ी बनियान में दौड़े थे। इसमें काफी फजीहत भी हुई थी। आगे और फजीहत हो। इससे बचने के लिए विवि प्रशासन टीम भेजने में आनाकानी कर रही है। अब बास्केटबाल टीम के जाने पर भी संशय के बादल मंडरा रहे हैं। इस टीम को 16 अक्तूबर को जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी दिल्ली में नार्थ जोन बास्केटबाल टीम को जाना है।