न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर में प्राइवेट बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध के बाद आम लोगों की दिक्कतों के मद्देनजर प्रशासन ने एक और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए महानगर बस सेवा आरंभ करने की घोषणा की है। डीएम ने रोडवेज अफसरों को महानगर क्षेत्र में 20 बसें चलाए जाने के लिए रूपरेखा तय करने को कहा है। यह भी निर्देश दिये हैं कि बसों का रूट, रूट के हिसाब से नंबर, किराया एवं हर रूट पर अलग अलग रंग की बसें चलायी जाएं।
कैंप कार्यालय पर अफसरों की बैठक लेते हुए डीएम चंद्रभूषण सिंह ने स्पष्ट कहा कि महानगर में प्राइवेट बसें बंद होने के चलते स्थानीय लोगों को आवागमन के लिए भटकना न पड़े। इसके लिए जरूरी है कि हम उन्हें वैसी ही बल्कि उससे बेहतर सुविधा दिलाएं, जिसकी उन्हें अभिलाषा है। इसके लिए रोडवेज बसों से बेहतर विकल्प नहीं हो सकता है।
उन्होेंने यूपीएसआरटीसी रोडवेज एवं नगर निगम के अफसरों को निर्देश दिये कि वे आपसी समन्वय बनाकर महानगर में बस सेवा चलाने के लिए रूपरेखा तैयार करें। यह काम जल्द से जल्द पूरा कराकर सेवा शुरू कर दी जाए। ताकि लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो। इस मौके पर एडीएम सिटी एसबी सिंह, एसपी ट्रैफिक, एसीएम प्रथम, नगर निगम व रोडवेज के अफसर मौजूद थे।
महानगर के नाम पर चल रही हैं बसें, परंतु दिखाई नहीं देती
ऐसा नहीं है कि महानगर बस सेवा कोई नया कांसेप्ट हो, रोडवेज कागजाें में पहले से ही तय सात रूटों पर महानगर के नाम पर बसें संचालित कर रहा है। हालांकि हकीकत में चार ही रूटों पर बसें संचालित हैं। तीन रूटों पर आटो व टेपों की डग्गेमारी की आड़ में बसे संचालित नहीं की जा रही हैं। इसका फायदा मिल रहा है प्राइवेट बस, आटो व टेपों आपरेटरों को। खामियाजा भुगत रहे हैं स्थानीय लोग।
महानगर बस सेवा के स्वीकृत रूट
इन रूटों पर चल रही बसें
-अलीगढ़ से अकराबाद-35 बसें
-गांधीपार्क से गभाना-12 बस
-अलीगढ़ से इगलास-20 बस
-मेडिकल से सासनी-24 बस
वह रूट जिन पर स्वीकृति के बावजूद नहीं चल रही बसें
-मथुरा बाईपास से हरदुआगंज
-ऊपरकोट से नगौला
-रेलवे स्टेशन से खैर रोड नया बांस