न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ब्यूरो
यातायात के बोझ से चरमरा रही शहर की सड़कों और व्यस्त बाजारों में वाहनों के लिए ठिकाना तलाशने के लिए जल्द ही मुख्य बाजारों में पार्किंग की व्यवस्था करने की तैयारी की जा रही है। इस बात की घोषणा मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने बुधवार को स्मार्ट सिटी कंपनी के कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर कही।
सेंटर प्वाइंट पर रिलायंस शोरूम के ऊपर स्मार्ट सिटी कंपनी का कार्यालय बनाया गया है। उद्घाटन के अवसर पर महापौर मो. फुरकान, नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल, नगर निगम कार्यकारिणी के उप सभापति ठा. पुष्पेंद्र सिंह जादौन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
उप सभापति ने बताया कि स्मार्ट सिटी में पार्किंग पर विशेष ध्यान दिया गया है। सेंटर प्वाइंट, मसूदाबाद, रेलवे रोड, बारहद्वारी, रामघाट रोड आदि इलाकों में पार्किंग के लिए व्यवस्था करना पहली प्राथमिकता होगी। इसके अलावा स्मार्ट सिटी में अन्य कई स्मार्ट फीचर होंगे।
बुधवार को स्मार्ट सिटी लिमिटेड के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन मंडलायुक्त अजय दीप सिंह, महापौर मो. फुरकान व नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। साथ ही अहमदाबाद और सूरत की तरह शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने की बात कही।
पीएमसी के टीम लीडर हिमांशु ने बताया कि अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत पीएमसी द्वारा आगामी अक्तूबर तक कई जनहित कार्यों को धरातल पर लाए जाने का निर्णय लिया गया है।
इस दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार, मुख्य अभियंता कैलाश सिंह, लेखाधिकारी राजेश गौतम, सहायक लेखाधिकारी अखिलेश तिवारी कर निर्धारण अधिकारी हरगोविन्द सिंह, कर अधीक्षक सभापति यादव, अजीत कुमार राय, राजेश गुप्ता, लिपिक देश दीपक, संजय सक्सेना, आईटीओ शिवकुमार सुमन, अहसन रब, के साथ अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
इन फीचर से लैस होगा आने वाले दिनों में शहर
- आने वाले दिनों में अलीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सदस्यों की बोर्ड बैठक, 21 बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स सहित अन्य विभागीय सदस्यों की वर्कशॉप के साथ-साथ शहर में इंटीग्रेेटेड कंबाइंड एंड कंट्रोल सेंटर बिल्ंिडग लाल डिग्गी स्टोर बिल्ंिडग पर बनाने को भूमि पूजन किया जाएगा।
- इस सिस्टम के अंतर्गत एक ही स्थान पर पूरे शहर की सिक्योरिटी पर नजर रखी जा सकेगी।
- ई टायलेट, शासकीय भवनों पर सौर ऊर्जा प्लांट व रैन वाटर हारवेस्ंिटग सिस्टम लगवाये जाने का काम भी शुरू हो जाएगा।
- पीएमसी द्वारा जवाहर भवन व नकवी पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
पूरा प्रयास है कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत होने वाले प्रत्येक कार्य को शहरवासियों की जरूरत के हिसाब से कराया जाए। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत आने वाले दिनों में एक स्मार्ट प्रोजेक्ट शहरवासियों के समक्ष मिसाल के तौर पर बनवाये जाने पर जोर दिया जाएगा।
- सत्य प्रकाश पटेल, नगर आयुक्त
यह है पार्किंग की स्थिति
शहर में और खास तौर से पुराने शहर में सरकारी स्तर पर पार्किंग की सुविधा नहीं के बराबर है। तांगा स्टैंड पर पार्किंग शुरू की गई जिसके नतीजे अच्छे रहे, लेकिन रेलवे रोड, बारहद्वारी, मामू भांजा, महावीर गंज, सराय हकीम, पत्थर बाजार, सेंटर प्वाइंट आदि मार्केट में पार्किंग नहीं है। जिन बैंक्वेट हाल, होटल और रेस्टोरेंट में पार्किंग नक्शों में दर्र्शाई गई है उनका इस्तेमाल अन्य कार्यों के लिए हो रहा है। सड़कों की पटरियों पर ही पार्किंग कर उन्हें इस्तेमाल किया जाता है।
यह हो सकता है संभावित समाधान
समय-समय पर जो सुझाव दिए गए हैं उनमें बारहद्वारी स्थित नगर निगम के पुराने कार्यालय की भूमि पर बड़ी पार्किंग हो सकती है। अभी वहां वाहन खड़े होते हैं, लेकिन अवैध रूप से होते हैं। इससे बारहद्वारी के साथ ही महावीर गंज, अब्दुल करीम चौराहा, दही वाली गली, सराय हकीम, पत्थर बाजार तक की पार्किंग की समस्या का समाधान हो जाएगा। इसी तरह रसलगंज के लिए मालवीय पुस्तकालय परिसर और रेलवे रोड के लिए समर्पण कांप्लेक्स और तांगा स्टैंड पर पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है।
यह रुकावटें हैं समाधान की दिशा में
सबसे पहले विभागीय तालमेल नहीं बनता है। इसके बाद जिन लोगों के अवैध कब्जे संबंधित जमीनों पर हैं वही लोग विरोध में आ जाते हैं। विभागीय उदासीनता सबसे बड़ा एक कारण है। लोगों की पेड पार्किंग की आदत नहीं होने पर भी इस दिशा में समस्या आती है।