मगध के इंजन में फंसा रहा कटा हुआ सिर, देख कर होश उड़े
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
मगध एक्सप्रेस से कटे एक अज्ञात व्यक्ति का सिर तकरीबन 20 किमी तक फंसा हुआ स्थानीय रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया। सिर देख कर यात्रियों और रेलकर्मियों के होश उड़ गए। ट्रेन के इंजन में लगे काउ कैचर में ये कटा हुआ सिर फंसा हुआ था। मौके पर पहुंचे जीआरपी कर्मियों ने सिर को निकालकर जांच पड़ताल की, जिसमें पता चला कि सोमना स्टेशन के पास एक व्यक्ति इसी ट्रेन से कटा है।
मगध एक्सप्रेस बुधवार रात करीब 11 बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर आकर रुकी। रुकते ही यात्री उससे उतरने और चढ़ने लगे थे। तभी कुछ यात्रियों की नजर इंजन में लगे काउ कैचर पर गई, जिसमें एक व्यक्ति का सिर फंसा था। सिर को देखकर हलचल मच गई। भीड़ जमा होने लगी, इस बीच सूचना मिलते ही जीआरपी कर्मी पहुंच गए, जिन्होंने उस व्यक्ति के सिर को कब्जे में किया और चालक से पूछताछ की। जिस पर इंजन के चालक का कहना था कि सोमना स्टेशन के पास इसी ट्रेन से एक अज्ञात व्यक्ति कट गया था, जिसकी सूचना असिस्टेंट स्टेशन मास्टर सोमना को दे दी। इसके बाद जीआरपी खुर्जा को बताया गया। देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।