अचल सरोवर में चला स्वच्छता ही सेवा अभियान
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान बुधवार को देवताओं की नगरी अचल सरोवर पर चलाया गया। सरोवर के अंदर और बाहर सफाई रखने के लिए नगर आयुक्त ने सामाजिक संस्थाओं से सहयोग मांगा। साथ ही गांधी पार्क बस स्टैंड और मसूदाबाद बस स्टैंड में भी अभियान चलाया गया।
गांधी जी की जयंती तक देश के हर कोने में चलाये जा रहें स्वच्छता ही सेवा अभियान के क्रम में अलीगढ़ में भी अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि हर धर्म स्वच्छता की सीख देता है और स्वच्छता मन से ही पैदा होती है। इसलिये उनके द्वारा नगर निगम के हर अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संस्थाओं को शहर के हर वर्ग के लोगों के दिलों में स्वच्छता के प्रति संवेदना पैदा करने का दायित्व निर्धारित किया है।
अभियान के छठे दिन नगर निगम द्वारा शहर के एतिहासिक धार्मिक धरोहर अचल सरोवर, गांधी पार्क बस स्टैंड व मसूदाबाद बस स्टैंड पर अभियान चलाया गया। पूरे अचल सरोवर की विशेष सफाई नाव से, लेबर, रोबर्ट वाहन, ट्रैक्टर, लोडर, स्वीपिंग मशीन से करायी गई।
इस अवसर पर संयुक्त नगर आयुक्त शिव पूजन यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुलदीप कुमार, स्वच्छता निरीक्षक ऋषिपाल यादव, वरिष्ठ व्यापारी नेता सौरभ सिक्ससंस, राजवीर सिंह, अमर दीप, पुनीत, वर्षा गौड़, आशीष पॉल, नरेंद्र हरकुट, कृष्णा गुप्ता, जितेन्द्र भारद्वाज, आलोक वात्सल्य, उपेंद्र, सतेंद्र, देवराज, याकूब आदि थे।
आज अभियान स्कूलों में चलेगा
मसूदाबाद बस स्टैंड व गांधी पार्क बस स्टैंड प्रांगण के अंदर बाहर सामाजिक संस्था वात्सल्य सेवा संस्थान व इम्मानुएल हॉस्पिटल, उदय संस्था, शिव सांस्कृतिक संस्था, चेतना आश्रम, महिला ग्रामोद्योग, सर्व शक्ति संस्था, पहल संस्था, नि:स्वार्थ संस्था के सहयोग से विशेष सफाई व्यवस्था कराते यात्रियों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, मीडिया प्रभारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि गुरुवार को ब्लू बर्ड स्कूल सहित अन्य स्कूलों में अभियान चलाया जाएगा।