अब रात में होगी मशीनों से सफाई, रूट निर्धारित
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए शहर में अब नाइट स्वीपिंग की योजना बनायी गई है। रोड स्वीपिंग मशीनों के लिए रूट निर्धारित किया गया है। नगर आयुक्त ने इसके लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं। इसके अलावा व्यापारी बंधुओं से व्यवस्था के लिए सहयोग मांगा है।
वर्ष 2018 के स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए नाइट स्वीपिंग एक मुख्य बिंदु है। इस पर भारत सरकार ने 34 अंक निर्धारित किए हैं। संयुक्त नगर आयुक्त शिव पूजन यादव ने बताया कि महानगर के सिविल लाइन व शहरी क्षेत्र को तीन रोड स्वीपिंग मशीनों मय ट्रैक्टर लोडर व लेबर कर्मचारियों में बांटते हुए प्रत्येक क्षेत्र की जिम्मेदारी क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षकों को सौंपी गयी है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुलदीप कुमार ने बताया कि नाइट स्वीपिंग के लिये रात 8 बजे से रात 12 बजे तक समय निर्धारित किया गया है।
इन इलाकों में होगी नाइट स्वीपिंग
- सिविल लाइन इलाके में कठपुला से सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड, केला नगर, रामघाट रोड, दीवानी कचहरी रोड, अनूपशहर रोड, लाल डिग्गी, अब्दु्ल्ला रोड, किशनपवनुर, पान दरीबा रोडट, अमीर निशा, मेडिकल रोड आदि।
- शहरी क्षेत्र में कठपुला से मालगोदाम, रेलवे रोड, अब्दुल करीम चौराहे से जयगंज, सासनीगेट चौराहा, महावीर गंज, बारहद्वारी रोड, रसलगंज रोड, माल गोदाम से दुबे का पड़ाव, नौरंगाबाद रोड, आगरा रोड, मसूदाबाद से जीटी रोड, सारसौल गूलर रोड, देहली गेट चौराहे से खैर रोड, हाथी पुल, ऊपर कोट, ख्वाजा चौक, तुर्कमान गेट बाईपास।
वर्जन
नाइट स्वीपिंग स्वच्छता सर्वेक्षण का प्रमुख बिंदु है। इसके निर्धारित अंक दिलाने का उत्तरदायित्व क्षेत्रीय दुकानदारों व व्यापारी बंधुओं का भी है, इसलिये नगर निगम का सहयोग करें।
- संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त