पूर्व सीएम के वंशज की हत्या में नामजदगी पर सवाल
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के क्वार्सी इलाके के कयामपुर पर प्लाट के विवाद में पूर्व सीएम के वंशज अंजय बंसल की हत्या में नामजद किए गए कासिमपुर निवासी दिनेश शर्मा की नामजदगी पर मंगलवार को सवाल खड़ा हो गया।
बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह संग एसएसपी से मिलने पहुंच दिनेश शर्मा ने बताया कि इस परिवार या प्लाट से उनका कोई लेना देना नहीं है। न वह अन्य नामजदों में से किसी को जानता है। इसके बावजूद उसे क्यों नामजद किया गया है, वह खुद नहीं समझ पा रहा है। इस पर एसएसपी ने मामले में सही तरीके से जांच का भरोसा दिलाया।
विधायक संग पहुंचे दिनेश शर्मा ने कहा कि इस प्रकरण के बाद वह खुद पीड़ित पक्ष के लोगों से विधायक की मदद से मिला। पीड़ित पक्ष ने उसे पहचानने से इंकार कर दिया। ऐसे में उसे हत्या में नामजद किए जाने पर हैरत हो रही है।
यहां विधायक ने भी एसएसपी से दिनेश की पैरवी करते हुए कहा कि वह निजी तौर पर इस व्यक्ति को जानते हैं। विवादों से दूर दूर तक कभी कोई नाता नहीं रहा और न इनका कयामपुर में किसी जमीन या अन्य किसी मसले से लेना देना है। इस पर एसएसपी ने उन्हें आश्वस्त किया है।