खाद की चार दुकानों के नमूने फेल
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
बीज और खाद में मिल रही लगातार शिकायतों को देखते हुए इगलास, अतरौली के नरौना 12 नंबर और सासनीगेट पर विगत दिनों कृषि विभाग ने छापेमारी की। इस दौरान चार दुकानों के सैंपल लिए गए, जो परीक्षण के लिए भेजे गए थे। परीक्षण में चारों दुकान के नमूने फैल हो गए हैं। अब विभाग इन दुकानदारों को नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। यदि दुकानदार संतुष्ट पूर्वक जवाब नहीं दे सके तो पुलिस कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 17 दिन पहले जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने अपनी टीम के साथ आगरा रोड स्थित सुनील खाद भंडार से मक्का, इगलास भारत बीज भंडार से मक्का, अतरौली नरौना 12 स्थित आशीष किसान सेवा केंद्र सहित एक अन्य से डीएपी के सैंपल लिए।
उन्होंने बताया कि इन दुकानों की काफी लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि यह दुकानदार मिलावटी बीज व खाद बेच रहे हैं। इस पर उन्होंने सभी दुकानों से सैंपल भरकर परीक्षण के लिए भेजे। मंगलवार को रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हो गई। उन्होंने बताया कि ऐसे इन दुकानदारों को स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया जाएगा। यदि वह संतुष्ट पूर्वक उत्तर न दे सके तो कार्रवाई की जाएगी।