न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की सम्मिलित ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और समाज कल्याण पर्यवेक्षक प्रतियोगात्मक परीक्षा 2018 के तहत होने वाली परीक्षा को लेकर रविवार को भी हंगामा हुआ, जबकि शनिवार को अनियमितता के चलते शहर के एक केंद्र पर सैकड़ों विद्यार्थी परीक्षा से वंचित हो गए थे।
रविवार को 19 हजार 296 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 13 हजार 456 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5 हजार 841 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे।
खैर रोड स्थित गौरव इंटर कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के समक्ष में प्रश्न पत्र खोलने से पहले एक परीक्षार्थी को पैकेट दिखाने के लिए बुलाया गया। इस दौरान कट के निशान के बजाय दूसरी जगह से पैकेट खुला था, जिसको लेकर परीक्षार्थी सरिता शर्मा ने आपत्ति जताई। कुछ देर तक हंगामा होता रहा। फिर, केंद्र प्रभारी को बुलाया गया।
उन्होंने लाने-ले जाने में पैकेट खुलने की बात कही। बाद में दूसरा पैकेट लाया, तब परीक्षा शुरू हो सकी। सरिता ने कहा कि पैकेट खुला था, जिससे आसानी से प्रश्न पत्र निकाला जा सकता था। उन्होंने इसकी शिकायत आयोग से की है।