न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने जिले के बागला संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों, डॉक्टरों के हाजिरी रजिस्टर देखे, मौके पर तीन गैरहाजिर डॉक्टरों की हाजिरी लगी हुई मिली। इसे लेकर प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य महकमे के अफसरों को फटकार लगाई। डीएम को गैरहाजिर डॉक्टरों का वेतन काटने और स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने चिकित्सालय के ओपीडी अनुभाग का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान ओपीडी उपस्थिति रजिस्टर में अधिक कांट छांट पर नाराजगी जाहिर की। प्रभारी मंत्री ने सीएमएस से ओपीडी संचालन के ड्यूटी रिकार्ड के बारे में जानकारी ली। प्रभारी मंत्री ने डीएम से अपने स्तर से जांच करने को कहा।
उन्होंने प्रसव कक्ष में मौजूद महिलाओं से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली, एक महिला ने प्रसव के लिए 600 रुपये का सुविधा शुल्क डॉक्टर द्वारा लिए जाने की शिकायत की। शिकायत पर प्रभारी मंत्री का पारा हाई हो गया, उन्होंने डीएम को जांच के आदेश दिए और जांच में आरोप सही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई करने को कहा।
इसके पश्चात प्रभारी मंत्री से कुछ महिलाओं द्वारा अल्ट्रासाउंड न करने की शिकायत पर अल्ट्रासाउंड कक्ष का भी निरीक्षण किया, जिसके दौरान उन्होंने जिन मरीजों के अल्ट्रासाउंड हो चुके थे, उनसे फोन करके सुविधाओं तथा किसी अतिरिक्त शुल्क के लेनेे के बारे में जानकारी ली, जिस पर मरीजों द्वारा सुविधाओं तथा किसी अतिरिक्त शुल्क के न मांगने की जानकारी दी गई। प्रभारी मंत्री ने डॉक्टर तथा मरीजों के बीच दलालों के न आने की हिदायत दी।
थाना हाथरस गेट का किया निरीक्षण
जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी ने अलीगढ़ रोड स्थित थाना हाथरस गेट का निरीक्षण किया। जहां पर उन्होंने थाना समाधान दिवस के दौरान आई शिकायतों पर फोन करके निस्तारण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने थाने में पीने के लिए पानी तथा अधिक कुर्सियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएम डॉ. रमा शंकर मौर्य, सांसद राजेश दिवाकर, भाजपा जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।